टाटा समूह के इन तीन शेयरों ने निवेशकों को दिया इस साल बंपर फायदा
मुंबई- देश के सबसे बड़े औद्योगिक घराने टाटा ग्रुप ने इस साल निवेशकों को बंपर रिटर्न दिया है। ग्रुप की 27 कंपनियों के मार्केट कैप में इस साल 23 दिसंबर तक कुल 613,000 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है। इस दौरान ग्रुप की कम से कम तीन कंपनियों ने मल्टीबैगर रिटर्न दिया है।
इस साल टाटा ग्रुप की कंपनी बनारस होटल्स ने सबसे अधिक 218 परसेंट रिटर्न दिया है। इस साल टाटा टेक्नोलॉजीज का आईपीओ भी आया जिसे निवेशकों ने हाथोंहाथ लिया। 3,042 करोड़ रुपये के आईपीओ को 1.15 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा शेयरों के लिए बोलियां मिलीं और यह 140 परसेंट के प्रीमियम के साथ लिस्ट हुआ।
बनारस होटल्स के बाद सबसे ज्यादा रिटर्न आर्टसन इंजीनियरिंग ने दिया। इस कंपनी ने इस साल 23 दिसंबर तक 144 परसेंट रिटर्न दिया है। इसके अलावा ट्रेंट ने भी इस साल 119 परसेंट रिटर्न दिया है। टाटा ग्रुप की होल्डिंग कंपनियों में शामिल टाटा इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन ने साल 2022 में 99% रिटर्न दिया है। जगुआर लैंड रोवर बनाने वाली टाटा मोटर्स ने इस साल निवेशकों की वेल्थ में 87 परसेंट का इजाफा किया है। बनारस होटल्स के अलावा टाटा ग्रुप के पास ओरिएंटल होटल्स का भी मालिकाना हक है। इस कंपनी का शेयर इस साल 67 परसेंट उछला है।
मार्केट कैप के हिसाब से देश की सबसे बड़ी हॉस्पिटैलिटी कंपनी इंडियन होटल्स का शेयर इस साल 38 फीसदी तेजी आई है। टाटा पावर में 57%, टाटा एलेक्सी में 41%, टाइटन में 39%, टाटा कंज्यूमर में 29%, टाटा स्टील में 18.5% और टीसीएस में 17% तेजी आई है। केवल टाटा टेलीसर्विसेज (महाराष्ट्र) के शेयरों ने निगेटिव रिटर्न दिया है। टाटा ग्रुप के 27 शेयरों का मार्केट कैप 612,619 करोड़ रुपये बढ़कर 27,16,694 करोड़ रुपये पहुंच गया।