LIC के पेंशन एंड ग्रुप स्कीम को 10 महीने में मिला 1 लाख करोड़ का प्रीमियम
मुंबई– देश की सबसे बड़ी जीवन बीमा कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के पेंशन और ग्रुप स्कीम वर्टिकल को 1 लाख करोड़ रुपए का प्रीमियम मिला है। यह प्रीमियम चालू वित्त वर्ष के पहले 10 महीनों में मिला है। यह अब तक का इसका रिकॉर्ड प्रीमियम है।
LIC की ओर से जारी प्रेस बयान के मुताबिक, इसकी पेंशन एवं ग्रुप स्कीम वर्टिकल में यह पहली बार है जब किसी एक वर्टिकल ने एक लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का प्रीमियम हासिल किया है। एलआईसी का पेंशन और ग्रुप स्कीम वर्टिकल कर्मचारियों को रिटायरल फंड्स प्रदान करता है। जीवन बीमा इंडस्ट्री खुलने के बाद नए बिजनेस प्रीमियम में एलआईसी की बाजार हिस्सेदारी 80 पर्सेंट से ज्यादा है। जबकि पिछले 20 सालों से निजी जीवन बीमा कंपनियां अभी भी 20 पर्सेंट हिस्सेदारी में ही लड़ रही हैं। इसमें करीबन 23 जीवन बीमा कंपनियां हैं।
एलआईसी के बाद दूसरी कंपनी की बाजार हिस्सेदारी 7% से भी कम है। ऐसे में एलआईसी के बाद दूर दूर तक कोई नहीं है। एलआईसी ने यह रिकॉर्ड तब हासिल किया है जब कोरोना जैसी महामारी पूरे साल के दौरान रही है। एलआईसी का पेंशन ग्रुप वर्टिकल करीबन 7 लाख करोड़ रुपए की संपत्तियों का प्रबंधन करता है। इसमें करीबन 80 हजार से ज्यादा ग्रेच्युटी, सुपरएन्यूशेन और लीव इनकैशमेंट स्कीम हैं।

