बजट में एसटीटी बढ़ने से सेंसेक्स 1,547 अंकों टूटा, 9.41 लाख करोड़ डूबे

मुंबई-बजट में डेरिवेटिव्स पर प्रतिभूति लेनदेन कर (एसटीटी) में वृद्धि प्रस्ताव के चलते शेयर बाजारों में भारी उथल-पुथल मच गई। दिनभर में 2,827 अंकों के उतार-चढ़ाव के बाद बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) सेंसेक्स अंत में 1,546.84 अंक या 1.88 फीसदी टूटकर 80,722.94 अंक पर बंद हुआ। एनएसई निफ्टी 495.20 अंक या 1.96 प्रतिशत गिरकर 24,825.45 पर बंद हुआ। इससे निवेशकों की पूंजी 9.41 लाख करोड़ रुपये घटकर 450.61 लाख करोड़ रुपये पर आ गई। बजट के अवसर पर रविवार को शेयर बाजारों में विशेष कारोबार सत्र आयोजित किया गया।

दोपहर के कारोबार में सेंसेक्स 2,370.36 अंक या 2.88 प्रतिशत गिरकर 80,000 के स्तर से नीचे चला गया था। इसी तरह, निफ्टी भी दिन के दौरान 748.9 अंक या 2.95 प्रतिशत टूटकर 24,571.75 तक लुढ़क गया था। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वायदा अनुबंधों पर एसटीटी को मौजूदा 0.02 फीसदी से बढ़ाकर 0.05 फीसदी करने की घोषणा की है। इससे शुरुआत में बढ़त वाला बाजार गिरावट के दौर में आ गया।

सेंसेक्स के 30 में से 4 शेयर तेजी में और 26 गिरावट में रहे। बढ़ने वालों में टीसीएस, इन्फोसिस, सनफार्मा और टाइटन रहे। गिरने वालों में प्रमुख रूप से एसबीआई, अदाणी पोर्ट्स, बीईएल, आईटीसी और टाटा स्टील रहे। बीएसई के कुल 4,309 शेयरों में कारोबार। 1,759 बढ़कर और 2,75 गिरकर बंद हुए। निफ्टी के 50 में से 44 में गिरावट रही और 6 शेयरों में तेजी रही।

सरकारी बैंक इंडेक्स 5.60 फीसदी टूटे

सरकारी बैंक इंडेक्स 5.60 फीसदी टूटे सूचकांकों में बीएसई सरकारी बैंक में सबसे अधिक 5.60 प्रतिशत की गिरावट रही। मेटल में 3.85 प्रतिशत, कमोडिटीज में 3.35, ऊर्जा में 3.14 प्रतिशत, पूंजीगत वस्तुओं में 3.02 प्रतिशत, औद्योगिक क्षेत्र में 2.66 और बिजली क्षेत्र में 2.52 फीसदी की गिरावट आई।

ब्रोकरेज हाउसों के शेयर 12 फीसदी तक टूटे

एसटीटी का असर ब्रोकरेज कंपनियों के शेयरों पर भी दिखा। इस सेक्टर के शेयर करीब 12 प्रतिशत तक टूट गए। बीएसई पर मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज के शेयर 11.60 प्रतिशत टूट गए। एंजेल वन के शेयर 8.61 प्रतिशत और आईआईएफएल कैपिटल के शेयर 8.06 प्रतिशत तक गिर गए। ग्रो की मूल कंपनी बिलियनब्रेन्स गैराज वेंचर्स के शेयर 5.11 फीसदी, आनंद राठी शेयर 2.03 फीसदी और खुद बीएसई का शएयर 8 फीसदी से ज्यादा टूट गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *