राजीव बजाज बोले, दोपहिया वाहनों पर भारत में सबसे अधिक जीएसटी
मुंबई- बजाज ऑटो के सीईओ राजीव बजाज ने कहा है कि भारत में दोपहिया वाहनों पर सबसे अधिक जीएसटी है। यहां हम 28 फीसदी जीएसटी दे रहे हैं। आसियान देशों और लैटिन अमेरिका में यह दर 8 से 14 फीसदी है। दोपहिया वाहनों की कीमतें बढ़ने का एक और कारण देश में ज्यादा नियमन भी है।
राजीव बजाज ने शुक्रवार को एक कार्यक्रम में कहा, दोपहिया वाहनों पर जीएसटी दर पर सरकार को फिर से सोचना चाहिए। इसे घटाकर 8 से 18 फीसदी के बीच लाना चाहिए। बजाज ने पूछा, ऐसा क्यों है कि भारत में आम आदमी के वाहनों पर हमें 28 फीसदी की जीएसटी दर का भुगतान करना चाहिए? अगर यह दर कम होती है तो ज्यादा से ज्यादा लोगों तक दोपहिया वाहन की पहुंच होगी। भारत में दोपहिया की वृद्धि कोविड-19 महामारी के अलावा कीमतों में वृद्धि और नियमों में बदलाव से प्रभावित हुई है।
बजाज के मुताबिक, दोपहिया वाहनों की कीमत में इस तरह का नाटकीय बदलाव कई चीजों के कारण है। इसमें सबसे बड़ा कारण अतिनियमन है। इस पर भी विचार करने की जरूरत है। बीएस-6 जैसे मानदंड अच्छे हैं। बजाज ने कहा, हम उच्चतम स्तर पर नियमन चाहते हैं। उदाहरण के लिए उत्सर्जन जैसे नियमन से हम खुश हैं। इससे सभी को स्वच्छ हवा मिलेगी। पर उद्योग की चिंताओं को भी दूर करने की जरूरत है।