यूपीआई के जरिये मार्च में रिकॉर्ड 19.78 लाख करोड़ रुपये का हुआ लेनदेन
मुंबई- मार्च 2024 में यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस यानी UPI के जरिए ट्रांजैक्शन का नया रिकॉर्ड बना है। इस दौरान 1,344 करोड़ ट्रांजैक्शन के जरिए 19.78 लाख करोड़ रुपए का लेनदेन हुआ। पिछले महीने यानी फरवरी 2024 में UPI के जरिए 1,201 करोड़ लेनदेन हुए, जिसके जरिए 18.28 लाख करोड़ रुपए ट्रांसफर किए गए।
पिछले साल मार्च के मुकाबले ट्रांजैक्शन की संख्या में 55.35% और इसके जरिए ट्रांसफर हुए अमाउंट में 40.81% की बढ़ोतरी हुई है। पिछले साल मार्च में 14.05 लाख करोड़ रुपए का ट्रांजैक्शन हुआ था।
वहीं, इस पेमेंट फैसिलिटी के जरिए वित्त वर्ष 2023-24 (अप्रैल 2023 से मार्च 2024 तक) में 13 हजार करोड़ से ज्यादा ट्रांजैक्शन हुए। इन ट्रांजैक्शन के जरिए लोगों ने ₹199.95 लाख करोड़ का लेनदेन किया। यह पिछले वित्त वर्ष 2022-23 के मुकाबले 43.68% ज्यादा है।
UPI सर्विस के लिए आपको एक वर्चुअल पेमेंट एड्रेस तैयार करना होता है। इसके बाद इसे बैंक अकाउंट से लिंक करना होगा। इसके बाद आपका बैंक अकाउंट नंबर, बैंक का नाम या IFSC कोड आदि याद रखने की जरूरत नहीं होती। पेमेंट करने वाला बस आपके मोबाइल नंबर के हिसाब से पेमेंट रिक्वेस्ट प्रोसेस करता है।