व्हाट्सएप ने नवंबर में 71 लाख से ज्यादा अकाउंट को बैन, ये हैं इसके कारण
मुंबई- इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म वॉट्सऐप ने नवंबर-2023 में यूजर्स की शिकायतों और नियमों के आधार पर भारत में 71 लाख से ज्यादा अकाउंट बैन किए हैं। इन अकाउंट्स को भारतीय कानून और वॉट्सऐप के नियमों का उल्लंघन करने पर बैन किया गया है।
इसकी जानकारी कंपनी ने इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (IT) रूल्स 2021 के अनुसार पब्लिश की गई मंथली रिपोर्ट में दी है। रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी ने 1 से 30 नवंबर 2023 के बीच 71,96,000 भारतीय यूजर्स के अकाउंट बैन किए हैं। इनमें से यूजर्स की किसी भी रिपोर्ट्स से पहले 19,54,000 अकाउंट्स पर एक्टिव रूप से प्रतिबंध लगाया गया।
रिपोर्ट्स से यह भी पता चला है कि वॉट्सऐप को नवंबर-2023 में रिकॉर्ड 8,841 शिकायतें मिली थीं, इनमें से 6 के खिलाफ कार्रवाई की है। वहीं, ग्रीविएंस अपीलेट कमेटी (GAC) की तरफ से 8 रिपोर्ट्स मिली थी, जिनका उसने पालन किया है। GAC का गठन भारत सरकार ने किया था। इसके जरिए सोशल मीडिया यूजर्स विभिन्न प्लेटफॉर्म से संबंधित अपने मुद्दे उठा सकते हैं।
इससे पहले अक्टूबर-2023 में वॉट्सऐप ने 71 लाख भारतीय यूजर्स पर प्रतिबंध लगाया था। वहीं, सितंबर-2023 में 75 लाख अकाउंट और अगस्त-2023 में 74 लाख अकाउंट बैन किए थे। देश में व्हाट्सएप के 50 करोड़ से ज्यादा यूजर्स हैं।
व्हाट्सऐप ने बताया कि वह यूजर्स की सेफ्टी के लिए कई कदम उठा रही है। इनमें सेफ्टी फीचर्स और प्राइवेसी को मजबूत बनाने वाले तरीके शामिल हैं। फिलहाल व्हाट्सऐप पर एंड-टू-एंड इनक्रिप्शन, अनजान नंबरों को म्यूट करने और चैट को लॉक करने जैसे फीचर्स मिलते हैं।