आयकर विभाग का हिंदुजा समूह की कंपनी पर मुंबई और कई शहरों में छापा
मुंबई- आयकर विभाग ने हिंदुजा समूह की इकाई हिंदुजा ग्लोबल सॉल्यूशंस के मुंबई और कुछ अन्य शहरों में स्थित कार्यालयों में बुधवार को तलाशी अभियान चलाया। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि तलाशी अभियान कर चोरी की जांच के तहत चलाया जा रहा है। मुंबई और कुछ अन्य शहरों में स्थित कंपनी के कार्यालयों में तलाशी की गई।
तलाशी अभियान से जुड़े आयकर अधिनियम के तहत केवल कार्यालय परिसरों में ही ऐसी कार्रवाई की जा सकती है। बता दें हिंदुजा समूह के पास इंडसइंड बैंक, हिंदुजा लीलैंड फाइनेंस और हिंदुजा बैंक (स्विट्जरलैंड) का स्वामित्व है। समूह अपने कारोबार का विविधीकरण कर रहा है और वृद्धि के अपने नए चरण में नई प्रौद्योगिकी, डिजिटल और फिनटेक क्षेत्र में उतरने के साथ बीएफएसआई क्षेत्र में पूर्ण पेशकश के लिए अधिग्रहण के जरिए अंतराल का पाटने की कोशिश कर रहा है।
सूत्रों ने बताया कि आयकर विभाग की कार्रवाई ‘सामान्य कर वंचना-रोधी नियम’ (जीएएआर) के प्रावधानों से भी जुड़ी है। हिंदुजा ग्लोबल सॉल्यूशंस (एचजीएस) रणनीतिक परामर्श, डिजिटल परिवर्तन, आईटी प्रणाली एकीकरण सेवाएं देती है।
हिंदुजा ग्रुप का कारोबार 38 से ज्यादा देशों में फैला है। कंपनी ट्रक-बस, बैंकिंग, पावर, केबल-टीवी , मनोरंज के कारोबार से जुड़ी है। अशोक लेलैंड, गल्फ ऑयल, हिंदुजा बैंक स्विट्जरलैंड, इंडसइंड बैंक, हिंदुजा ग्लोबल सॉल्यूशंस, हिंदुजा टीएमटी, हिंदुजा वेंचर्स, इंडसइंड मीडिया एंड कम्युनिकेशंस जैसी कंपनियां इसी समूह का हिस्सा है।
फोर्ब्स की लिस्ट के मुताबिक साल 2022 में हिंदुजा समूह के पास 14 अरब डॉलर की संपत्ति है। हर भाई के पास कंपनी की अलग-अलग जिम्मेदारी है। श्रीचंद हिंदुजा पूरे ग्रुप के चेयरमैन थे। गोपीचंद हिंदुजा को-चेयरमैन हैं। तीसरे भाई प्रकाश यूरोप में हिंदुजा ग्रुप के चेयरमैन हैं। जबकि अशोक भारत में हिंदुजा ग्रुप के चेयरमैन हैं।