LIC ने 1.84 लाख करोड़ रुपए का नया प्रीमियम हासिल किया, 3 लाख से ज्यादा नए एजेंट जोड़े
मुंबई- देश की सबसे बड़ी जीवन बीमा कंपनी और देश निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) ने कोरोना के समय में 1.84 लाख करोड़ रुपए का नया प्रीमियम हासिल किया है। इससे भी चौंकाने वाली बात यह है कि इसने इसी दौरान 1.34 लाख करोड़ रुपए अपने पॉलिसीधारकों को दिया है। यह पैसा पॉलिसीधारकों को दावों के रूप में दिया गया है।
दरअसल पिछले 1 साल में कोरोना की वजह से चुनौती भरा समय रहा है। लेकिन एलआईसी ने इन सभी को पीछे छोड़ते हुए बेहतरीन कारोबार किया है। साथ ही उसने अपने पॉलिसीधारकों का इसी तर्ज पर ख्याल भी रखा है। इसके लिए उसने ढेर सारी योजनाएं भी शुरू की। वित्तीय वर्ष 2020-21 में इसने पहली बार फर्स्ट ईयर प्रीमियम इनकम के रूप में 56 हजार 406 करोड़ रुपए हासिल किया है। यह पैसा इंडिविजुअल अश्योरेंस बिजनेस के तहत आया है। यह एक साल पहले की तुलना में 10.11% ज्यादा है।
इसी तरह इसने इसी समय में 2.10 करोड़ पॉलिसियों की बिक्री की है। इसमें से 46.72 लाख पॉलिसियां मार्च महीने में अकेले बेची गई हैं। यानी एक साल पहले की तुलना में इसमें 2.99 गुना की बढ़त रही है। पॉलिसीज के मामले में इसकी बाजार हिस्सेदारी 81.04% मार्च 2021 में रही है। जबकि पिछले साल मार्च में यह 74.58% थी। फर्स्ट ईयर प्रीमियम में इसकी बाजार हिस्सेदारी इस साल मार्च में 64.74% रही है जबकि पूरे साल के दौरान यह 66.18% रही है।
एलआईसी की पेंशन एवं ग्रुप स्कीम्स वर्टिकल भी नया रिकॉर्ड बनाया है। नए बिजनेस प्रीमियम में इसने 1 लाख 27 हजार 768 करोड़ रुपए की रकम हासिल की है। 1 साल पहले यह 1 लाख 26 हजार 749 करोड़ रुपए था। नई स्कीम के रूप में भी एलआईसी ने एक रिकॉर्ड बनाया है। कंपनी ने इसी दौरान 3 लाख 45 हजार 469 नए एजेंट जोड़े हैं। इसके साथ ही इसके कुल एजेंट्स की संख्या 13 लाख 53 हजार 808 हो गई है। इस साल में कंपनी ने 16,564 एमडीआरटी क्वालीफायर्स का निर्माण किया है। 26,997 सेंचुरियन एजेंट्स को भी क्रिएट किया है।
2020-21 में एलआईसी और इसके बीएंडएसी चैनल ने 2.46 लाख पॉलिसीज बेची हैं और 1,862.73 करोड़ रुपए का प्रीमियम हासिल किया है। 1 साल पहले की तुलना में प्रीमियम में 23.46 पर्सेंट की ग्रोथ रही है। कुछ समय पहले तक कंपनी ने यूनिट लिंक्ड प्लान यानी यूलिप पर फोकस कम कर दिया था, पर अब इसने मजबूती से इस सेगमेंट में वापसी की है। इसके लिए इसने एसआईआईपी और निवेश प्लस जैसे दो नए प्रोडक्ट को लांच किया है। इसके तहत इसने 90 हजार पॉलिसीज की बिक्री की है। इससे 800 करोड़ रुपए का प्रीमियम मिलेगा। इसमें कंपनी ने नेट असेट वैल्यू यानी एनएवी, पोर्टफोलियो और स्विच के विकल्पों को ऑन लाइन कर दिया है।
दावों की बात करें तो कंपनी ने 2020-21 के दौरान 2.19 करोड़ मैच्योरिटी, मनी बैक और एन्यूटीज के दावों को सेटल किया है। इसके तहत पॉलिसीधारकों को 1.16 लाख करोड़ रुपए का पेमेंट किया है। इसी दौरान 9.59 लाख मृत्यु के दावों को भी सेटल किया है। इसके तहत 18,137 करोड़ रुपए का पेमेंट किया है।
एलआईसी ने कोरोना से हालांकि पहले ही तमाम डिजिटल पहल शुरू किया था। इसका इसे कोरोना के समय में फायदा मिला है। इससे ग्राहकों के अनुभव में सुधार हुआ है। रिन्यूअल का प्रीमियम, लोन का पेमेंट और लोन के ब्याज का पेमेंट ऑन लाइन किया जा सकता है। इसे इंटरनेट बैंकिंग, क्रेडिट या डेबिट कार्ड के साथ यूपीआई, पेटीएम, फोन पे, गूगल पे और अमेजन पे जैसे प्लेटफॉर्म के तहत किया जा सकता है।
एलआईसी के मुताबिक, सभी पेमेंट चैनल फ्री हैं और इसके लिए किसी तरह का चार्ज नहीं लगता है। प्रीमियम का पेमेंट भी इसी तरह से डायरेक्ट डेबिट के जरिए किया जा सकता है। एलआईसी ने हाल में किसी भी सेटेलाइट ऑफिस से रिवाइवल सुविधा की भी शुरुआत की है।