सोना 706 रुपए महंगा हुआ, चांदी 71 हजार के पार
मुंबई– सोना-चांदी फिर महंगे होने लगे हैं। इस हफ्ते में ही सोना 796 रुपए महंगा होकर 48,553 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट के अनुसार पिछले हफ्ते 14 मई को सोना 47,757 रुपए पर बंद हुआ था। वहीं अगर चांदी की बात करें तो ये 885 रुपए महंगी होकर 71,245 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई है।
मई महीने में अब तक ही सोना 1,762 रुपए महंगा हुआ है। 30 अप्रैल को सोना 46,791 रुपए प्रति 10 ग्राम पर था जो अब 48,553 रुपए पर है। वहीं चांदी की बात करें तो 30 अप्रैल को ये 67,800 रुपए प्रति किलोग्राम पर थी जो अब 71,245 रुपए पर पहुंच गई है। यानी 22 दिनों में ही ये 3,445 रुपए महंगी हुई है। इससे पहले अप्रैल महीने में सोना 2,601 और चांदी 4,938 रुपए महंगी हुई थी।
अप्रैल में 6.3 बिलियन डॉलर करीब 46 हजार करोड़ रुपए के सोने का आयात हुआ है। एक साल पहले समान अवधि में केवल 2.82 मिलियन डॉलर करीब 21.61 करोड़ रुपए के गोल्ड का इंपोर्ट हुआ था। इससे पहले मार्च 2021 में जो 98.6 टन सोना आयात किया गया इसकी कीमत 63 हजार करोड़ रुपए थी।
कोरोना के कारण दुनियाभर में अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है। इसके शेयर बाजार में ज्यादा उतार-चढ़ाव होत रहा है। माना जाता है कि इस दौरान निवेशक शेयरों से पैसा निकालकर सोने में निवेश करते हैं। इससे भी सोने के दाम बढ़ने लगते हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में डॉलर कमजोर हो रहा है। इतना ही नहीं रुपया भी डॉलर के मुकाबले कमजोर हुआ है। इससे भी सोने को सपोर्ट मिल रहा है।
चीन में बैंकों को सोना इंपोर्ट करने की मंजूरी से आने वाले दिनों में सोने-चांदी में तेजी देखने को मिल सकती है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने के दाम तेजी से बढ़ने लगे हैं। सोने की कीमत 1,835 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस के पार निकल गया है। 1 अप्रैल को सोना 1,730 अमेरिकी डॉलर पर था।