टाटा संस के चेयरमैन बोले, टाटा समूह के इतिहास का यह सबसे काला दिन

मुंबई- टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने शुक्रवार को ग्रुप के सभी कर्मचारियों को पत्र लिखकर अहमदाबाद विमान हादसे को टाटा ग्रुप के इतिहास का सबसे काला दिन बताया और साथ ही कहा कि इस हादसे जुड़े संवाद के बारे में पूरी पारदर्शिता रखी जाएगी।

पत्र में टाटा संस के चेयरमैन ने कहा, यह हमारे लिए एक कठिन समय है। कल जो हुआ, उससे हम गहरे शोक में हैं। हमारे लिए किसी एक व्यक्ति को खोना भी त्रासदी है, लेकिन एक साथ इतनी सारी मौतें होना समझ से परे है।

उन्होंने इसे टाटा समूह के इतिहास का सबसे काला दिन बताते हुए कहा, मेरी संवेदनाएं दुर्घटना में मारे गए और घायल हुए लोगों के परिवारों और प्रियजनों के साथ हैं। हम उनके लिए यहां हैं। आपकी तरह हम भी समझना चाहते हैं कि इस हादसे की क्या वजह है, जो फिलहाल हम भी नहीं जानते हैं।

उन्होंने कहा, एक बार जब हम तथ्यों की पुष्टि कर लेंगे, तो हम इस त्रासदी के बारे में अपने संवाद में भी पारदर्शिता बरतेंगे। केवल प्रशिक्षित जांचकर्ता ही जांच पूरी होने के बाद बता पाएंगे कि यह नियमित उड़ान कैसे त्रासदी में समाप्त हुई। हादसे के कुछ देर बाद नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने गुरुवार को बताया था कि उसने अहमदाबाद प्लेन क्रैश की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *