अप्रैल में यूपीआई से हुआ 19.64 लाख करोड़ रुपये का भारी भरकम लेनदेन
मुंबई- अप्रैल 2024 में 1,330 करोड़ UPI ट्रांजैक्शन हुआ। इस दौरान टोटल ₹19.64 लाख करोड़ की राशि ट्रांसफर की गई। ट्रांजैक्शन की संख्या में सालाना आधार पर 50.11% की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, इसके जरिए ट्रांसफर की जाने वाली राशि में 38.70% की बढ़ोतरी हुई है। एक साल पहले यानी अप्रैल 2023 में 886 करोड़ ट्रांजैक्शन के जरिए 14.16 लाख करोड़ रूपए का लेनदेन हुआ था।
यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) से मार्च में ट्रांजैक्शन का नया रिकॉर्ड बना था। इस दौरान एक महीने में सबसे ज्यादा 1,344 करोड़ ट्रांजैक्शन के जरिए 19.78 लाख करोड़ रुपए का लेनदेन हुआ था। पूरे वित्त वर्ष यानी अप्रैल 2023 से मार्च 2024 के दौरान 13,068 करोड़ से ज्यादा ट्रांजैक्शन हुए। इन ट्रांजैक्शनसंस के जरिए लोगों ने ₹199.95 लाख करोड़ का लेनदेन किया। यह वित्त वर्ष 2022-23 के मुकाबले 43.68% ज्यादा है।
UPI सर्विस के लिए आपको एक वर्चुअल पेमेंट एड्रेस तैयार करना होता है। इसके बाद इसे बैंक अकाउंट से लिंक करना होगा। इसके बाद आपका बैंक अकाउंट नंबर, बैंक का नाम या IFSC कोड आदि याद रखने की जरूरत नहीं होती। पेमेंट करने वाला बस आपके मोबाइल नंबर के हिसाब से पेमेंट रिक्वेस्ट प्रोसेस करता है।