विदेशी मुद्रा भंडार तीन अरब डॉलर बढ़कर रिकॉर्ड 645 अरब डॉलर के स्तर पर
मुंबई- देश का विदेशी मुद्रा भंडार 29 मार्च को समाप्त हफ्ते में 2.93 अरब डॉलर बढ़कर रिकॉर्ड 645.58 अरब डॉलर पर पहुंच गया है। आरबीआई के आंकड़ों के मुताबिक, यह लगातार छठां सप्ताह है जब भंडार में तेजी आई है।
आरबीआई के मुताबिक, पिछले हफ्ते में यह मामूली बढ़कर 642.63 अरब डॉलर पर पहुंच गया था। सितंबर, 2021 में यह 645 अरब डॉलर के सार्वकालिक उच्च स्तर पर था। 29 मार्च के हफ्ते में विदेशी मुद्रा संपत्ति 2.35 अरब डॉलर बढ़कर 570.61 अरब डॉलर हो गई। सोने का भंडार 67.3 करोड़ डॉलर बढ़कर 52.16 अरब डॉलर पर पहुंच गया। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के पास रिजर्व 4.66 अरब डॉलर रहा है।
आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास ने शुक्रवार को कहा, पिछले चार-पांच वर्षों से विदेशी भंडार को बढ़ाना हमारी प्रमुख प्राथमिकता है। इससे भविष्य में डॉलर की भारत से निकासी जैसे किसी भी संभावित जोखिम से निपटने में मदद मिल सकेगी। दास ने कहा, हम सोने के भी भंडार को लगातार बढ़ा रहे हैं। हाल के समय में केंद्रीय बैंक ने दुनिया भर के केंद्रीय बैंकों की तर्ज पर सोना खरीदा है।