देश का विदेशी मुद्रा भंडार 9.11 अरब डॉलर बढ़कर 20 माह के उच्च स्तर पर
मुंबई- डॉलर की तुलना में रुपये की लगातार गिरावट के बीच देश का विदेशी मुद्रा भंडार 15 दिसंबर को समाप्त हफ्ते में 9.11 अरब डॉलर बढ़कर 615.97 अरब डॉलर हो गया है। यह हाल के समय में पहली बार है जब इतनी बड़ी तेजी भंडार में देखी गई है। साथ ही यह 20 महीने के उच्च स्तर पर है। इससे पहले 25 मार्च, 2022 को भंडार 617 अरब डॉलर के पार था।
आरबीआई के शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, 8 दिसंबर वाले हफ्ते में यह 2.81 अरब डॉलर बढ़कर 606.85 अरब डॉलर पर था। अक्तूबर, 2021 में यह रिकॉर्ड 645 अरब डॉलर तक पहुंचा था। हालांकि, उसके बाद रुपये की गिरावट थामने के लिए आरबीआई लगातार डॉलर को बेचता गया, जिससे भंडार में 130 अरब डॉलर तक की गिरावट आ गई थी।
15 दिसंबर वाले हफ्ते में विदेशी मुद्रा संपत्ति 8.34 अरब डॉलर बढ़कर 545.04 अरब डॉलर पर चला गया था। पूरे भंडार में विदेशी मुद्रा का सबसे अधिक योगदान होता है। इसमें यूरो, पौंड और येन जैसी विदेशी मुद्राएं भी होती हैं।
सोने का भंडार 44.6 करोड़ डॉलर बढ़कर 47.57 अरब डॉलर रहा है जबकि विशेष निकाली अधिकार 13.5 करोड़ डॉलर की बढ़त के साथ 18.32 अरब डॉलर रहा है। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के पास का भंडार 18.1 करोड़ डॉलर तेजी के साथ 5.02 अरब डॉलर रहा है।