नौकरी के लिहाज से शीर्ष 10 में भारत की 5 कंपनियां, माइक्रोसॉफ्ट पहले स्थान पर
नई दिल्ली। नौकरी करने के लिहाज से लोगों को भारत में माइक्रोसॉफ्ट सबसे ज्यादा आकर्षित करती है। हालांकि शीर्ष 10 में से 5 कंपनियां भारत की हैं। दूसरे नंबर पर मर्सडीज बेंज है जबकि तीसरे पर अमेजन इंडिया है। रैंडस्टैड एंप्लॉयर ब्रांड रिसर्च (आरईबीआर) 2022 की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार, शीर्ष 10 में टाटा समूह की तीन कंपनियां हैं।
इसमें टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेस (टीसीएस) सातवें स्थान पर, टाटा स्टील आठवें स्थान पर और टाटा पावर नौवें स्थान पर है। दसवें पर सेमसंग है। इसमें कहा गया है कि इन कंपनियों का चयन वित्तीय स्थिति, मजबूत प्रतिष्ठा और आकर्षक वेतन और लाभ के पैमाने पर किया गया है। इस शोध के लिए वैश्विक स्तर पर कुल 1.63 लाख लोगों की राय ली गई। 31 देशों की 5,944 कंपनियों के लोग थे। इनकी उम्र 18 से 65 साल थी।
सर्वे में शामिल 10 में से 9 भारतीय कर्मचारियों (88 फीसदी) का मानना है कि उनके लिए प्रशिक्षण और पर्सनल करियर ग्रोथ काफी महत्वपूर्ण होता है। यह काफी दिलचस्प है कि भारतीय कर्मचारी एशिया पैसिफिक कर्मचारियों की तुलना में अपने करियर की सफलता को लेकर ज्यादा प्रेरित होते हैं। इसके लिए भारतीय कंपनियों द्वारा पेश किए गए मानक और सीखने के अवसरों को जिम्मेदार ठहराया जा सकता है।
सर्वे के अनुसार, भारत में करीब 24 फीसदी कर्मचारियों ने 2021 की अंतिम छमाही में अपनी नौकरी बदल दी थी। जनवरी से मार्च के दौरान किए गए सर्वे में हर तीन में से एक कर्मचारी (37 फीसदी) ने कहा कि वे 2022 की पहली छमाही में अपनी नौकरी बदलना चाहते हैं। सर्वे के अनुसार कंपनियों को चुनते समय इस साल भी 63 फीसदी भारतीय कर्मचारी काम और जीवन में संतुलन पर फोकस करना चाहते हैं।