इंडिगो ने 20% उड़ानें रद्द की, यात्रियों के लिए चेंज फीस माफ
मुंबई- इंडिगो ने अपनी 20% उड़ानें रद्द करने का फैसला लिया है। ऐसा इसलिए क्योंकि कोरोना की तीसरी लहर से यात्रियों ने ट्रैवल प्लान रद्द करना शुरू कर दिया है। कंपनी ने कहा है कि पैसेंजर के लिए चेंज फीस 31 मार्च तक माफ कर दी गई है। इंडिगो से नवंबर में 57 लाख लोगों ने उड़ान भरी थी।
कंपनी ने एक बयान में कहा कि ओमिक्रॉन की वजह से यात्रियों की संख्या कम हो गई है। इसलिए उसे ऐसा फैसला करना पड़ रहा है। इंडिगो ने कहा कि अगले आदेश तक वह कुल उड़ानों का 20% उड़ानें रद्द कर रही है। चेंज फीस तब लिया जाता है, जब कोई यात्री अपनी यात्रा की तारीख को बदलता है।
बयान में कहा गया है कि ग्राहकों की जरूरतों के कारण इंडिगो चेंज फीस माफ कर रही। 31 मार्च, 2022 तक की उड़ानों के लिए 31 जनवरी तक की गई सभी नई और मौजूदा बुकिंग के लिए यह ऑफर मुफ्त में दे रही है। इस बजट कैरियर ने कहा कि कम डिमांड के कारण यह कुछ चुनिंदा उड़ान सेवाओं को रद्द करेगा।
कंपनी की ज्यादातर उड़ानें पश्चिम बंगाल, दिल्ली और मुंबई के रूट पर रद्द की गई हैं। दिल्ली और मुंबई से पश्चिम बंगाल के लिए हफ्ते में केवल दो दिन ही फ्लाइट चलाई जा रही है। कंपनी ने कहा कि जहां भी संभव होगा, उड़ानों को कम से कम 72 घंटे पहले रद्द किया जाएगा। ग्राहकों को अगली उपलब्ध उड़ान में ले जाया जाएगा। हमारी वेबसाइट के जरिए यात्री प्लान बी (सेक्शन) का उपयोग कर अपनी यात्रा में बदलाव कर सकेंगे।
एयरलाइन ने ग्राहकों को डिजिटल चैनलों के इस्तेमाल के लिए उत्साहित किया है क्योंकि कॉल सेंटर में बहुत ज्यादा कॉल्स आ रहे हैं। कोरोना में 2020 से एयरलाइंस को पूरी क्षमता से चलाने पर पाबंदी लगाई गई थी। हालांकि अक्टूबर 2021 में धीरे-धीरे इन पाबंदियों को खत्म कर 100%क्षमता के साथ उड़ान भरने को मंजूरी दे दी गई थी। नवंबर में देश भर में कुल 10.52 मिलियन लोगों ने हवाई यात्रा की थी। अक्टूबर में यह संख्या 89 लाख थी।