6 कंपनियां 19 हजार करोड़ जुटा सकती हैं, 52 कंपनियां IPO लाने की लाइन में
मुंबई- 6 कंपनियों को IPO लाने की मंजूरी मिल गई है। यह कंपनियां 19 हजार करोड़ रुपए जुटा सकती हैं। इसके साथ ही 52 कंपनियां IPO लाने की लाइन में हैं। मंजूरी पाने वाली कंपनियों में स्टार हेल्थ इंश्योरेंस 7,000 से 7,500 करोड़ रुपए जुटा सकती है। नायका 5,300 करोड़ रुपए जबकि अडाणी विल्मर 4,500 करोड़ रुपए जुटा सकती है। पेन्ना सीमेंट 1,300 करोड़ रुपए जुटाएगी जबकि लेटेंट व्यू 600 करोड़ रुपए जुटाएगी। सिगाची इंडस्ट्रीज 60 करोड़ रुपए जुटा सकती है।
स्टार हेल्थ ने जुलाई में सेबी के पास अर्जी दी थी जबकि पेन्ना सीमेंट ने मई में अर्जी दी थी। बाकी कंपनियों ने अगस्त महीने में अर्जी दिया था। 52 कंपनियां IPO की मंजूरी की लाइन में हैं। इसमें पेटीएम प्रमुख कंपनी है। इसने 15 जुलाई को सेबी के पास अर्जी दी थी। यह कंपनी 16,600 करोड़ रुपए बाजार से जुटाने की योजना बनाई है।
नायका ने हालांकि अपनी जुटाने वाली रकम का साइज बढ़ा दिया है। इसने दोबारा सेबी के पास अर्जी दी है। प्राइमरी शेयर से जुटाई जाने वाली 520 करोड़ से बढ़ाकर 630 करोड़ रुपए कर दिया गया है। ऑन लाइन ब्यूटी प्रोडक्ट वाली कंपनी नायका यह रकम नए शेयर्स और ऑफर्स फॉर सेल के जरिए जुटाएगी। स्टार हेल्थ का IPO दीवाली के बाद आ सकता है। कंपनी निजी सेक्टर की है और इसकी बाजार हिस्सेदारी 16% है। इसमें नए शेयर के जरिए 2 हजार करोड़ रुपए जुटाए जाएंगे। राकेश झुनझुनवाला की स्टार हेल्थ में 14% हिस्सेदारी है। उनकी पत्नी रेखा झुनझुनवाला के पास 3.3% हिस्सेदार है।
अडाणी विल्मर अडाणी एंटरप्राइजेज और विल्मर की ज्वाइंट वेंचर वाली कंपनी है। यह 4,500 करोड़ रुपए जुटाएगी। अडाणी ग्रुप की यह सातवीं कंपनी बाजार में लिस्ट होगी। हैदराबाद की कंपनी पेन्ना सीमेंट फ्रेश इश्यू के जरिए 1,300 करोड़ रुपए जुटाएगी जबकि बाकी ऑफर फॉर सेल के जरिए जुटाएगी।
वैसे इस महीने में अभी तक कोई IPO नहीं आया है। केवल बिड़ला असेट मैनेजमेंट और पारस डिफेंस के शेयर्स की लिस्टिंग हुई है। अक्टूबर में अब तक 7 कंपनियों ने सेबी के पास IPO के लिए अर्जी दी है। इसमें रेडिएंट कैश मैनेजमेंट, ईजिंग ऑफ ऑपरेशन प्रोसीजर, ओयो, BVG इंडिया और अन्य हैं। सितंबर में भी 28 कंपनियों ने IPO के लिए अर्जी दी थी।