देश में हर व्यक्ति सालाना खा रहा 9 किलो मछली, ज्यादा कमाई से खपत बढ़ी
मुंबई- देश में हर व्यक्ति सालाना 8.89 किलो मछली खा रहा है। 2005 में यह खपत 4.9 किलो थी। यानी इस दौरान खपत करीब दोगुनी हो गई है। इसका कारण यह है कि लोगों की कमाई बढ़ी है। इससे खान-पान में बदलाव आ रहा है। एक अध्ययन के मुताबिक, मछली खाने वाली आबादी में, प्रति व्यक्ति वार्षिक खपत 7.43 किलो से 66 फीसदी बढ़कर 12.33 किलो हो गई है।
वर्ल्डफिश ने यह अध्ययन 2005-2006 से 2019-2021 के बीच किया था। 2005-21 के दौरान देश में मछली उत्पादन दोगुना बढ़कर 1.41 करोड़ टन रहा है। कुल मछली उत्पादन में से मछली की घरेलू खपत 2005-2006 में 82.36 प्रतिशत, 2015-2016 में 86.2 प्रतिशत और 2019-2020 में 83.65 प्रतिशत थी। बाकी का उपयोग गैर-खाद्य उद्देश्यों और निर्यात के लिए किया गया था।
रिपोर्ट के अनुसार, त्रिपुरा में मछली ग्राहकों का अनुपात सबसे अधिक 99.35 प्रतिशत था। हरियाणा में सबसे कम 20.55 प्रतिशत था। तमिलनाडु, केरल और गोवा में मछली खाने वाली आबादी सर्वाधिक 90 प्रतिशत से अधिक थी। पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में सबसे कम 30 प्रतिशत से भी नीचे था।