1,000 रुपये तक सस्ते हो सकते हैं इंडिगो के टिकट, ईंधन शुल्क खत्म
नई दिल्ली। इंडिगो ने विमान ईंधन की कीमतों में कमी के बाद ईंधन शुल्क वसूलना बंद करने की घोषणा की है। इससे लंबे रास्तों पर टिकटों की कीमतें 1,000 रुपये तक सस्ती हो सकती हैं। विमान ईंधन की कीमतों में उछाल के बाद इंडिगो ने अक्तूबर से शुल्क लेना शुरू किया था। कंपनी ने कहा, एटीएफ की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रहता है। इसलिए हम कीमतों या बाजार स्थितियों में किसी भी बदलाव से निपटने के लिए अपने किराए को समायोजित करना जारी रखेंगे।
कंपनी 500 किलोमीटर की दूरी पर 300 और 501 से 1,000 किलोमीटर की दूरी पर 400 रुपये हर यात्री से ईंधन शुल्क लेती है। 1,001 से 1,500 किलोमीटर की दूरी पर 550 रुपये और 1,501 से 2,500 किलोमीटर की दूरी पर 650 रुपये शुल्क लेती है। 2,501 से 3,500 किलोमीटर पर 800 रुपये ईंधन शुल्क वसूलती है। उसके बाद की दूरी पर 1,000 रुपये शुल्क लिया जाता है। नवंबर में 78.76 लाख यात्रियों ने इंडिगो से यात्रा की थी।
इंडिगो के पास 320 से ज्यादा विमानों का बेड़ा है। अपने बेड़े के साथ इंडिगो रोजाना 1900 से ज्यादा फ्लाइट ऑपरेट करती है। ये एयरलाइन 81 डोमेस्टिक डेस्टिनेशन और 32 इंटरनेशनल डेस्टिनेशन को कवर करती है। भारत में सबसे ज्यादा मार्केट शेयर इंडिगो का ही है।
दूसरी तिमाही में इंडिगो को ₹188.9 करोड़ का मुनाफा हुआ था। 5 साल में यह पहला मौका था जब एविएशन कंपनी को किसी भी वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में मुनाफा हुआ था। आम तौर पर इस तिमाही को एविएशन इंडस्ट्री के लिए कमजोर मांग वाला सीजन माना जाता है।