बफे को पीछे छोड़ अदाणी बने दुनिया के पांचवे अमीर बिजनेसमैन
मुंबई. अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम ने संपत्ति के मामले में दुनिया के दिग्गज अरबपति और निवेशक वॉरेन बफे को पीछे छोड़ कर दुनिया के पांचवें सबसे अमीर बिजनेसमैन बन गए हैं। फोर्ब्स की रियल टाइम बिलेनियर लिस्ट के अनुसार अडानी एंड फैमिली की नेटवर्थ बढ़कर 123.2 अरब डॉलर हो गई है। अब दुनिया में चार ही ऐसे लोग बचे हैं, जो अडानी से अधिक अमीर हैं।
पहले नंबर पर 269.7 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ टेस्ला के प्रमुख एलन मस्क हैं। ऐमजॉन के जेफ बेजोस 170.2 अरब डॉलर के साथ दूसरे नंबर पर हैं। माइक्रोसॉफ्ट के बिल गेट्स 130.2 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ चौथे स्थान पर हैं।
फोर्ब्स की रियल टाइम बिलेनियर लिस्ट में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी इस समय आठवें स्थान पर हैं। फोर्ब्स की इस लिस्ट के अनुसार मुकेश अंबानी की संपत्ति 104.2 अरब डॉलर है। इस महीने की शुरुआत में ही अडानी सबसे अमीर एशियाई अरबपति बन गए थे। 59 साल के अडानी की कंपनियों के शेयरों में इस साल 19 फीसद से 195 फीसद तक का उछाल आया है।
गौतम अडानी ने अक्षय ऊर्जा, मीडिया, हवाई अड्डे सहित कई क्षेत्रों में तेजी से विस्तार किया है, यही कारण है कि कंपनियों के शेयरों में अच्छी तेजी देखने को मिली है। गौतम अडानी की संपत्ति में अभूतपूर्व उछाल देखने को मिला है। दो साल पहले गौतम अडानी की संपत्ति केवल 8.9 अरब डॉलर थी। इसके बाद मार्च 2021 में अडानी की संपत्ति करीब 50.5 अरब डॉलर पर पहुंच गई। मार्च 2022 आते-आते अडानी की संपत्ति करीब दोगुनी होकर 90 अरब डॉलर पर जा पहुंची।