पेटीएम का IPO 8 नवंबर से खुलेगा, पर ज्यादा दिन नहीं रहेगा रिकॉर्ड

मुंबई- देश का सबसे बड़ा IPO लेकर आ रही पेटीएम ने तारीख तय कर दी है। 8 नवंबर को इसका IPO खुलेगा और 10 नवंबर को बंद होगा। 18 नवंबर को इसके शेयर्स स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्ट हो सकते हैं। स्टॉक एक्सचेंज पर पेटीएम की पैरेंट कंपनी वन97 कम्युनिकेशन के शेयर्स लिस्ट होंगे।

IPO से पहले पेटीएम ने अपना IPO साइज बढ़ा दिया है। यह अब IPO के जरिए 18,300 करोड़ रुपए जुटाएगी। पहले यह साइज 16,600 करोड़ रुपए था। इसमें ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए 10 हजार करोड़ रुपए जुटाए जाएंगे जबकि नए शेयर के जरिए 8300 करोड़ रुपए जुटाए जाएंगे। पहले दोनों से जुटाई जाने वाली रकम बराबर थी। पर कंपनी ने IPO बाजार में दिख रहे उत्साह के कारण ऑफर फॉर सेल से जुटाई जाने वाली रकम को 2 हजार करोड़ रुपए तक बढ़ा दिया है।

ऑफर फॉर सेल का मतलब जो अभी कंपनी में निवेशक हैं, वे अपनी हिस्सेदारी IPO में बेचेंगे। ऑफर फॉर सेल में कंपनी के शीर्ष अधिकारी विजय शेखर शर्मा 402 करोड़ रुपए के शेयर बेचेंगे। एंटफिन 4,704 करोड़ रुपए का शेयर बेचेगी जबकि चीन की अलीबाबा कंपनी 784 करोड़ रुपए का शेयर बेचेगी। इसके अलावा कई और कंपनियां भी IPO में अपनी हिस्सेदारी बेचेंगी।

नवंबर महीना भारतीय IPO बाजार के लिहाज से अब तक सबसे ज्यादा रकम जुटाने के मामले में टॉप पर होगा। नवंबर की शुरुआत 3 IPO से हो रही है। एक नवंबर को पॉलिसीबाजार के साथ दो और कंपनियां करीबन 6,500 करोड़ रुपए जुटाने के लिए बाजार में उतरेंगी जबकि पेटीएम इसी महीने में 18,300 करोड़ रुपए जुटाएगी। ऐसे में इन चार IPO से ही नवंबर में करीबन 25 हजार करोड़ रुपए की रकम जुटेगी। उससे पहले इसी हफ्ते में दो कंपनियां नायका और फिनो पेमेंट्स 6500 करोड़ रुपए जुटाने के लिए बाजार में आ रही हैं।

पेटीएम से पहले कोल इंडिया ने सबसे बड़ा IPO लाया था। कोल इंडिया ने 2010 में 15,299 करोड़ रुपए जुटाया था। हालांकि पेटीएम का रिकॉर्ड बहुत ज्यादा दिन तक नहीं रहने वाला है। क्योंकि इसी वित्तवर्ष में एलआईसी IPO लेकर आनेवाली है। इसके जरिए एलआईसी 80 हजार करोड़ से 1 लाख करोड़ रुपए की रकम जुटा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *