रिकॉर्ड हाई के बाद 10% टूटा IRCTC शेयर, मार्केट कैप 16 हजार करोड़ घटा
मुंबई- आज सुबह रिकॉर्ड हाई बनाने के बाद IRCTC के शेयर में 10% की गिरावट आई है। इससे इसके मार्केट कैप में 16 हजार करोड़ रुपए की कमी आई है। आज सुबह 8% की बढ़त के साथ IRCTC का शेयर 6,393 रुपए पर पहुंच गया था।
सुबह से दोपहर तक इस शेयर में 18% का उतार-चढ़ाव देखने को मिला। इसका मार्केट कैप पहली बार 1 लाख करोड़ रुपए को पार किया था। लेकिन दोपहर बाद अचानक शेयर में बिकवाली शुरू हो गई। इस वजह से इसका शेयर 5,289 रुपए पर पहुंच गया। यह इसका लोअर सर्किट है। यानी एक दिन में शेयर ज्यादा से ज्यादा 10% गिर सकता है या इतना ही बढ़ सकता है।
रेलवे सेक्टर की यह कंपनी है। यह टिकट बुकिंग, खानपान सेवा देने से लेकर पर्यटन तक की सेवा देती है। अपने सेक्टर में यह एकाधिकार रखती है। हालांकि इसका शेयर बहुत ज्यादा वैल्यूएशन पर चल रहा था। यह ठीक डीमार्ट चलाने वाली कंपनी अवेन्यू सुपरमार्ट की तरह है। अवेन्यू सुपरमार्ट का भी शेयर इसी तरह से बेतहाशा बढ़ा था।
दोपहर बाद IRCTC के शेयर्स में बिकवाली जमकर हुई है। दरअसल यह शेयर बहुत ज्यादा वैल्यूएशन पर कारोबार कर रहा था। अपने इश्यू प्राइस की तुलना में इसने दो साल में 20 गुना से ज्यादा बढ़त हासिल की थी। जबकि एक साल में इसका शेयर तीन गुना ज्यादा बढ़ा था। एक हफ्ते में ही यह शेयर 1500 रुपए बढ़ गया था।
सोमवार को सुबह रिकॉर्ड हाई पर पहुंचा अवेन्यू सुपर मार्ट का शेयर दोपहर बाद गिरावट में आ गया था। सोमवार को 8% टूटने के बाद मंगलवार को भी इस शेयर में गिरावट आई। डीमार्ट का शेयर बहुत ज्यादा महंगे वैल्यूएशन पर था और सोमवार को ही ब्रोकरेज हाउसों ने यह कहा था कि यह शेयर 54% यहां से टूट सकता है।
डीमार्ट के शेयर को अधिकतर ब्रोकरेज हाउसों ने बेचने की सलाह दी थी। मंगलवार को दोपहर तक यह शेयर 3% गिरावट के साथ 4,753 रुपए पर कारोबार कर रहा था। सोमवार को यह 4,894 रुपए पर बंद हुआ था। इसका मार्केट कैप दो दिनों में करीबन 45 हजार करोड़ रुपए घट गया है।