मुकेश अंबानी से हर दिन 6 गुना ज्यादा कमाते हैं गौतम अडाणी
मुंबई- अडाणी ग्रुप के मालिक गौतम अडाणी पिछले एक साल में हर दिन 1,002 करोड़ रुपए कमाए हैं। जबकि रिलायंस इंडस्ट्रीज के मुकेश अंबानी की रोजाना की कमाई 162 करोड़ रुपए रही। इस तरह से अडाणी ने अंबानी से हर दिन 6 गुना ज्यादा कमाई की है। इस समय अडाणी की संपत्ति 5,05,900 करोड़ रुपए है। एक साल पहले उनकी संपत्ति 1,40,200 करोड़ रुपए थी।
अंबानी की संपत्ति में 9% की बढ़त हुई है। उनकी संपत्ति इस समय 7.18 लाख करोड़ रुपए है। IIFL वेल्थ हुरून इंडिया की रिच लिस्ट 2021 के मुताबिक, गौतम अडाणी की संपत्ति एक साल में करीबन 4 गुना बढ़ी है। अडाणी इस वजह से एशिया के फिर से दूसरे सबसे अमीर बिजनेसमैन बने हैं। इसी साल मई में भी वे एशिया में दूसरे सबसे अमीर बिजनेसमैन बने थे। हालांकि उनकी कंपनियों में विदेशी निवेशकों की खबर से उनकी कंपनियों के शेयर्स में जून महीने मे जमकर गिरावट आई थी। इससे अडाणी की पर्सनल संपत्ति भी घट गई थी।
रिपोर्ट के मुताबिक, यह पहली बार हुआ है जब अडाणी और दुबई में रहने वाले उनके भाई विनोद अडाणी दोनों IIFL वेल्थ हुरून इंडिया रिच लिस्ट में एक साथ टॉप 10 में आए हैं। उनके भाई एशिया में आठवें नंबर के सबसे अमीर बिजनेसमैन हैं। वे पहले 12 वें नंबर पर थे। विनोद अडाणी की संपत्ति 1,31,600 करोड़ रुपए है। एक साल में उनकी संपत्ति में 21% का इजाफा हुआ है।
IT कंपनी HCL टेक के शिव नाडार और उनकी परिवार की संपत्ति एक साल में 67% बढ़ी है। उनकी संपत्ति 2,36,600 करोड़ रुपए है। वे तीसरे नंबर पर हैं। SP हिंदूजा परिवार की संपत्ति 2.30 लाख करोड़ रुपए है। उनकी संपत्ति 53% बढ़ी है। आर्सलर मित्तल के लक्ष्मी मित्तल पांचवें नंबर पर हैं। उनकी संपत्ति 1.74 लाख करोड़ रुपए है। उनकी रोजाना की कमाई 312 करोड़ रुपए थी।
सीरम इंस्टीट्यूट के साइरस पूनावाला की रोजाना की कमाई 190 करोड़ रुपए रही। 1.63 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ छठें नंबर पर वे हैं। वे 80 साल के हैं। डीमार्ट के राधाकृष्णा दमानी सातवें नंबर पर हैं। उनकी संपत्ति 1.54 लाख करोड़ रुपए है। जबकि नौवें नंबर पर बिड़ला समूह के कुमार मंगलम बिड़ला हैं। बिड़ला की रोजाना की कमाई 240 करोड़ रुपए एक साल में थी। उनकी संपत्ति 1.22 लाख करोड़ रुपए है।