कोटक महिंद्रा फंड ने लांच किया मल्टीकैप फंड, इक्विटी AUM 5 सालों में गुना बढ़ा
मुंबई- देश में पांचवें नंबर की म्यूचुअल फंड कंपनी कोटक महिंद्रा म्यूचुअल फंड ने मल्टीकैप फंड लॉन्च किया है। यह एक ओपन एंडेड स्कीम है। यह स्कीम लार्ज कैप, मिड कैप और स्माल कैप वाले शेयरों में निवेश करेगी।
इस स्कीम के निवेश का उद्देश्य लंबे समय में पैसे में बढ़त हासिल करना है। यह स्कीम इक्विटी और इक्विटी से जुड़े साधनों में निवेश करेगी। इससे निवेशक बच्चों की पढ़ाई, रिटायरमेंट और घर खरीदने जैसे सपने पूरे कर सकते हैं। फंड हाउस के प्रेसीडेंट हर्षा उपाध्याय ने कहा कि इक्विटी बाजार लार्ज कैप, मिड कैप और स्माल कैप का एक त्रिवेणी जैसा संगम है। सभी मार्केट कैप अपने आप में बेहतर प्रदर्शन करने वाले हैं। इसे 3 इन वन पावर का नाम दिया गया है।
पिछले पांच सालों में कोटक म्यूचुअल फंड्स के इक्विटी का असेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) में सात गुना की बढ़त हुई है। इसका इक्विटी AUM जुलाई 2016 में 17,602 करोड़ रुपए था जो जुलाई 2021 में 1.22 लाख करोड़ रुपए हो गया था। यह NFO 22 सितंबर को बंद होगा। इसमें कम से कम 5 हजार रुपए का निवेश किया जा सकता है।
कंपनी ने कहा कि मल्टीकैप फंड में तीनों मार्केट कैप का मिला जुला रूप होता है। इससे इसमें स्थिरता, ग्रोथ और संभावना बनी रहती है। इससे निवेशकों को एक ही में सभी की ताकत मिलती है। एसआईपी के रूप में कम से कम 500 रुपए से निवेश की शुरुआत इस फंड में की जा सकती है।
उपाध्याय ने कहा कि कोटक म्यूचुअल फंड ने निवेशकों को वैल्यू प्रदान किया है। हमारे फंड ने बेंचमार्क की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया है। हम निवेश में अनुशासन का पालन करते हैं। पिछले साल दिसंबर में इस फंड हाउस ने पहला रिट फंड ऑफ फंड्स लांच किया था। इसके बाद हाल में ही कोटक ग्लोबल इनोवेशन फंड ऑफ फंड्स लांच किया था। इस फंड से 1,650 करोड़ रुपए मिला था।