HDFC फ्लैक्सीकैप का AUM 26 सालों में 87 गुना बढ़ा, निवेशकों को सालाना 18.44% का रिटर्न

मुंबई– लीडिंग म्यूचुअल फंड कंपनी HDFC की फ्लैक्सीकैप स्कीम ने 26 साल पूरे कर लिए हैं। इस दौरान इसके असेट अंडर मैनेजमेंट यानी AUM में 87 गुना की ग्रोथ रही है। जबकि निवेशकों को इसने बेंचमार्क से बेहतर रिटर्न इस दौरान दिया है।  

1 जनवरी 1995 से 31 मई 2021 के बीच निफ्टी 500 टीआरआई का सालाना चक्रवृद्धि ब्याज की दर से रिटर्न 12% रहा है। इस फंड का रिटर्न इसी दौरान 18.44% की दर से रहा है। HDFC म्यूचुअल फंड का कुल AUM 4.11 लाख करोड़ रुपए रहा है। इसने 26 साल पहले फ्लैक्सीकैप की शुरुआत की थी। यह देश में सबसे पुरानी फंड स्कीम में से एक है।  

इस फ्लैक्सीकैप स्कीम ने बाजार के तमाम तेजी और मंदी दोनों साइकल में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। इसमें चाहे साल 2000 में इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (आईटी) का दौर रहा हो, या फिर 2007 में इंफ्रा, पावर और रियल इस्टेट का दौर रहा हो। 2015 में फार्मा और 20188 में मिड कैप के मामले में यही काम इसने किया है। किसी ने अगर इसकी स्थापना यानी 1995 में 1 लाख रुपए का निवेश किया होगा तो यह रकम आज 87.60 लाख रुपए हो गई है।  

इसी तरह 10 हजार रुपए महीने की एसआईपी का निवेश आज 9.57 करोड़ रुपए हो गया है। जबकि कुल निवेश केवल 31 लाख रुपए का रहा है। बाजार में इस दौरान 50% तक की भी गिरावट दिखी है। पर इस स्कीम ने इस गिरावट के बाद तेजी से रिकवरी भी की है। इसने निवेश का विविधीकरण किया यानी पैसों को कई सेक्टर में निवेश किया।  

केंद्रीय बजट में ग्रोथ और निवेश पर फोकस होने की वजह से नए निवेश के साइकल और अर्निंग ग्रोथ के मौके बने हैं। इकोनॉमिक रिकवरी मजबूत रही है और अगले 3 से 5 सालों में इसमें और तेजी आने की उम्मीद है। कोरोना की दूसरी लहर इसकी पहली लहर की तुलना में कम है। जून 2021 से लॉकडाउन में ढील दिए जाने और वैक्सीनेशन में तेजी से अर्थव्यवस्था में रिकवरी है।  

कंपनी के मुख्य निवेश अधिकारी प्रशांत जैन कहते हैं कि फ्लैक्सीकैप फंड का पोर्टफोलियो अच्छी तरह से बनाया गया है। हम बाजार के मामले में पॉजिटिव आउटलुक रखते हैं। लंबे समय में ग्रोथ फोकस बजट, उचित वैल्यूएशन और मजबूत अर्निंग का नजरिया है। यह फ्लैक्सीकैप सभी बाजार जैसे लॉर्ज, मिड और स्मॉल कैप शेयरों में निवेश करता है।   

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *