गुजरात में भाजपा के 400 कार्यकर्ता आप में शामिल
मुंबई– सूरत महानगर पालिका में पहली बार 27 सीटें जीतने वाली आम आदमी पार्टी (आप) के हौसले बुलंद हैं। अब वह भाजपा के कार्यकर्ताओं को आकर्षित कर रही है। इसके चलते बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता कमल छोड़कर हाथ में झाड़ू थाम रहे हैं। रविवार को ताड़वाड़ी में हुए एक कार्यक्रम में भाजपा के 400 कार्यकर्ताओं के आम आदमी पार्टी में शामिल होने का दावा किया जा रहा है।
ये लोग अडाजण और रांदेर के हैं, जिन्हें भाजपा का गढ़ माना जाता है। चर्चा है कि भाजपा अपने ही गढ़ में कमजोर हो रही है। आम आदमी पार्टी के दावा है कि सूरत में पिछले डेढ़ महीने में 1,000 भाजपा कार्यकर्ता आप में शामिल हो चुके हैं। ताड़वाड़ी में 400 लोगों के आप में शामिल होने से कुछ दिन पहले ही कामरेज में 200, खटोदरा में 100 लोग आम आदमी पार्टी से जुड़े थे।
मनपा चुनाव के बाद भाजपा के कई कार्यकर्ता और वार्डों के कई पदाधिकारी आप में शामिल हो गए हैं। अब तक उन्हें वापस लाने के कोई प्रयास नहीं किए गए। वहीं, इस बारे में शहर भाजपा अध्यक्ष निरंजन झांझमेरा का कहना है कि कार्यकर्ताओं से मिलकर उनकी नाराजगी जानने की कोशिश की जाएगी और उन्हें समझाया जाएगा।