मध्य प्रदेश में पेट्रोल की औसत कीमत 99 रुपए के करीब, बाकी राज्यों में 90 रुपए से कम

मुंबई– देश में सबसे महंगा पेट्रोल-डीजल मध्यप्रदेश (MP) और राजस्थान में बिक रहा है। राज्यों में तेल की एवरेज (औसत) प्राइस की बात करें तो इनमें MP सबसे आगे है। यहां 26 फरवरी को पेट्रोल का एवरेज प्राइस 98.96 रुपए था जो देश में सबसे अधिक है। कुछ पड़ोसी राज्यों में पेट्रोल की औसत कीमत 90 रुपए से भी कम हैं। 

पेट्रोल पंप एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय सिंह के अनुसार उत्तर प्रदेश में पेट्रोल 89.13 रुपए प्रति लीटर की औसत से बेचा गया था। छत्तीसगढ़ में कीमत 89.39 रुपए, गुजरात में 88.88 रुपए और अंडमान में 76.54 रुपए थी। 

MP में कई शहरों में पेट्रोल 100 रु. प्रति लीटर के पार निकल गया है। अनूपपुर में पेट्रोल 101.59 रुपए पर पहुंच गया है। वहीं, रीवा में 101.25 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। राजधानी भोपाल में यह 99.21 रुपए है। MP में 33% वैट वसूला जा रहा है। यह मणिपुर, तेलंगाना और राजस्थान के बाद सबसे ज्यादा है। 2019-20 में राज्य सरकार ने पेट्रोल पर वैट के जरिए 10,720 करोड़ रुपए कमाए थे। वहीं 2020-21 में दिसंबर तक 8,038 करोड़ की कमाई हो चुकी है। 

पेट्रोल-डीजल के बेस प्राइज पर जो अभी 32 रुपए के करीब है, इस पर केंद्र सरकार 33 रुपए एक्साइज ड्यूटी वसूल रही है। इसके बाद राज्य सरकारें इस पर अपने हिसाब से वैट और सेस वसूलती हैं, जिसके बाद इनका दाम बेस प्राइज से 3 गुना तक बढ़ गया है। MP में एक लीटर पेट्रोल पर करीब 23 रुपए वैट वसूला जा रहा है। 

MP में जो पेट्रोल पंप दूसरे राज्यों की सीमा के नजदीक हैं, उनमें से ज्यादातर बंद होने की कगार पर हैं। दरअसल, ड्राइवर को मध्यप्रदेश की बजाय उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और गुजरात से पेट्रोल भरवाना सस्ता पड़ रहा है। इससे पेट्रोल पंप मालिकों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *