भारत में पहला शॉपिंग मॉल खोलेगी आइकिया, 5 हजार करोड़ का करेगी निवेश

मुंबई– किफायती फर्नीचर बेचने वाली स्वीडिश कंपनी आइकिया (IKEA) भारत में अपना पहला शॉपिंग मॉल खोलने जा रही है। इस शॉपिंग मॉल का निर्माण दिल्ली से सटे नोएडा में किया जाएगा। इसके लिए नोएडा विकास प्राधिकरण ने कंपनी को जमीन भी आवंटित कर दी है। 

आइकिया का यह शॉपिंग सेंटर दुनिया का सबसे बड़ा होगा। इसका निर्माण 48 हजार वर्ग मीटर जमीन में किया जाएगा। इसके लिए कंपनी 759 मिलियन डॉलर करीब 5 हजार करोड़ रुपए का निवेश करेगी। इस शॉपिंग सेंटर का निर्माण नोएडा के सेक्टर 51 में किया जाएगा। शॉपिंग सेंटर में शॉपिंग मॉल के अलावा ऑफिस, होटल और रिटेल आउटलेट का निर्माण किया जाएगा। 

आइकिया के अधिकारियों का कहना है कि 2025 तक इस शॉपिंग सेंटर का निर्माण पूरा हो जाएगा। यानी 2025 से नोएडा और आसपास के लोग आइकिया के स्टोर से खरीदारी कर सकेंगे। इस शॉपिंग सेंटर के निर्माण से करीब 1 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। 

स्वीडिश कंपनी आइकिया ने 2018 में भारत में अपना पहला स्टोर खोला था। यह स्टोर हैदराबाद में खोला गया था। इसके बाद कंपनी ने 2020 में मुंबई में अपना दूसरा स्टोर खोला था। नोएडा में कंपनी का तीसरा स्टोर और पहला शॉपिंग मॉल होगा। कंपनी ने बयान में कहा है कि वह जल्द ही इस प्रोजेक्ट की विस्तृत जानकारी देगी। कंपनी भारत में अब तक 7 हजार करोड़ रुपए का निवेश कर चुकी है। 

आइकिया के पूरी दुनिया में करीब 45 शॉपिंग मॉल हैं। यह शॉपिंग मॉल यूरोप, रूस और चीन में स्थित हैं। अब कंपनी 2021 में अमेरिका में प्रवेश की योजना बना रही है। कंपनी का कहना है कि कोविड-19 प्रतिबंधों के बाद अक्टूबर से ही ग्राहक उसके स्टोर और मॉल्स में आने शुरू हो गए हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *