बाजार की 6 दिन की गिरावट के बाद शेयरों में कीजिए निवेश, मिलेगा अच्छा फायदा

मुंबई– पिछले हफ्ते शेयर बाजार में लगातार 6 दिन की गिरावट रही है। इस दौरान BSE के सेंसेक्स में 3,900 अंक के करीब गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को यह 580 अंक से ज्यादा गिरावट के साथ बंद हुआ। ऐसे में ढेर सारे शेयरों में अच्छी खासी गिरावट रही। इन शेयरों में आप निवेश कर सकते हैं और आपको बेहतर फायदा मिल सकता है।

आनंद राठी फाइनेंशियल सर्विसेस के मुताबिक निवेशकों को इंफोसिस के शेयर को 1,450 रुपए के लक्ष्य पर खरीदना चाहिए। कंपनी ने तीसरी तिमाही में अच्छा रिजल्ट पेश किया है। ऑपरेशन से इसका रेवेन्यू 12.3% बढ़ कर 25,927 करोड़ रुपए रहा है। डिजिटल से इसका रेवेन्यू 31.3% बढ़ा है। कंपनी ने अक्टूबर से दिसंबर यानी तीसरी तिमाही में 7.13 अरब डॉलर की डील हासिल की है। कंपनी का रेवेन्यू और मार्जिन गाइडेंस दोनों बढ़ा है।

इसी ब्रोकरेज ने SRF के शेयर को 6,340 रुपए के लक्ष्य पर खरीदने की सलाह दी है। कंपनी ने अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में 16% की ग्रोथ रेवेन्यू में हासिल की है। इसका रेवेन्यू 2,146 करोड़ रुपए रहा है। इसका शुद्ध लाभ 324 करोड़ रुपए रहा है। कंपनी को उम्मीद है कि एग्रोकेमिकल बाजार लगातार अच्छा प्रदर्शन करेगा। इकोनॉमी में रिकवरी से आगे चलकर मांग बढ़ने की उम्मीद है।

अंबर इंटरप्राइजेज के शेयर को 3,012 रुपए के लक्ष्य पर खरीदने की सलाह दी गई है। अंबर सरकार के कई उपायों से सीधा फायदा कमा सकती है। इसमें एयर कंडीशन के आयात प्रमुख हैं। इंडस्ट्री को अनुमान है कि 2.7 मिलियन यूनिट को यह आयात करेगी। इसमें से 70% रेफ्रिजरेटर होंगे। सरकारी नोटिफिकेशन के बाद अंबर ने 4  ओरिजिनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर्स (OEM) को हासिल किया है। वित्त वर्ष 2022 में ग्राहकों से कंपनी को फायदा होगा। कंपनी वित्त वर्ष 2022 तक दो नए कारखानों को शुरू करेगी। कंपनी को PLI स्कीम से भी फायदा मिलेगा जो कि प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव के रूप में सरकार कंपनियों को दे रही है। कंपनी एक प्लांट पुणे में लगा रही है जबकि दूसरा प्लांट दक्षिण भारत में लगाएगी।

SMC ग्लोबल के सौरभ जैन कहते हैं कि फेडरल बैंक के शेयर को 83 रुपए के लक्ष्य पर खरीदना चाहिए। इसमें 15% का फायदा मिल सकता है। फिलहाल यह 72.40 रुपए पर कारोबार कर रहा है। बैंक की बिजनेस ग्रोथ दिसंबर 2020 तिमाही में 9% बढ़कर 2.87 लाख करोड़ रुपए रही है। उधारी में 6% की ग्रोथ रही है जो 1.25 लाख करोड़ रुपए रहा है। डिपॉजिट ग्रोथ 12% रही है।

बैंक की शुद्ध ब्याज आय (NII) 1,437 करोड़ रुपए रही है। इसमें इसकी 24% की ग्रोथ रही है। यह लगातार पांचवीं तिमाही रही है जब इसके बुरे फंसे कर्जों (NPA) में कमी आई है। ग्रॉस NPA सालाना आधार पर 4% कम होकर 3,470 करोड़ रुपए रहा है। शुद्ध NPA 61% कम होकर 757 करोड़ रुपए रहा है। ग्रॉस NPA 2.7% रहा है और शुद्ध NPA 0.6% कम रहा है।

ब्रिगेड इंटरप्राइजेज के शेयर को इस ब्रोकरेज हाउस ने 299 रुपए के लक्ष्य पर खरीदने की सलाह दी है। इसमें 25% का फायदा मिल सकता है। यह शेयर इस समय 239 रुपए पर कारोबार कर रहा है। यह कंपनी भारत की लीडिंग डेवलपर्स है। पिछले 30 सालों से यह दक्षिण भारत के बंगलुरू बाजार में एक मजबूत कंपनी है। ग्रुप का बिजनेस 3 सेगमेंट में है जिसमें रियल इस्टेट, लीज रेंटल और हॉस्पिटालिटी हैं।

ICICI सिक्योरिटीज ने निवेशकों को ल्युपिन के शेयरों को खरीदने की सलाह दी है। इसका लक्ष्य 1,165 रुपए रखा है। पहले यह लक्ष्य 985 रुपए का था। तीसरी तिमाही में इसका रेवेन्यू सालाना आधार पर 6.6% बढ़कर 4,017 करोड़ रुपए रहा है। इसके अमेरिकी रेवेन्यू में 4.8% की ग्रोथ रही है। घरेलू फार्मूलेशन में 5.4% की बढ़त रही है। युनाइटेड ब्रेवरीज को इस ब्रोकरेज हाउस ने 1490 रुपए के लक्ष्य पर खरीदने की सलाह दी है। कंपनी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है। कंपनी ने लीजहोल्ड लैंड प्रापर्टी का अधिकार ट्रांसफर कर 55 करोड़ रुपए की कमाई की है।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *