PMC बैंक पर पाबंदी और बढ़ी, अब 31 मार्च 2021 तक लागू रहेगा प्रतिबंध

मुंबई– घोटालों में फंसे सहकारी बैंक पंजाब एंड महाराष्ट्र को-ऑपरेटिव बैंक (PMC) की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। अब इस पर पहले वाला प्रतिबंध बढ़ा दिया गया है। यह 31 मार्च 2021 तक लागू रहेगा। भारतीय रिजर्व बैंक ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। इससे अभी भी जमाकर्ताओं को पूरा पैसा पाने के लिए इंतजार करना होगा।  

वैसे बैंक के रिकंस्ट्रक्शन और इसमें हिस्सेदारी खरीदने के लिए अब तक 4 एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (EoI) मिले हैं। RBI ने अभी यह नहीं बताया है कि किन कंपनियों या निवेशकों ने PMC बैंक में हिस्सेदारी खरीदने के लिए EoI जमा किया है। पर यह माना जा रहा है कि अगर ऐसा होता है तो यह जमाकर्ताओं के फायदे में होगा।  

RBI ने शुक्रवार को कहा कि PMC Bank ने हिस्सेदारी खरीदने के लिए प्रस्ताव मांगे थे। इसके लिए 15 दिसंबर तक आवेदन भेजने की तारीख थी। इसमें 4 निवेशकों ने हिस्सा लिया है जिन्होंने आवेदन भेजा है। अब बैंक जमाकर्ताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए इन प्रस्तावों की जांच करेगा। चुनी गई कंपनियों और निवेशकों को बैंक को खरीदने की बोली यानी बिडिंग प्रक्रिया (Bidding process) में शामिल किया जाएगा।

लोन की घोखाधड़ी और घोटाले में बैंक के कई सीनियर शामिल पाए गए थे। इसके बाद RBI ने सितंबर 2019 में बैंक से पैसे निकालने पर रोक लगा दी थी। बैंक के बोर्ड को भंग कर दिया था। बैंक द्वारा रियल एस्टेट कंपनी HDIL को दिए गए लोन की सही जानकारी नहीं दी गई थी और इसमें भी घोटाले के आरोप हैं।

RBI ने 20 जून को जमाकर्ताओं के लिए नकदी निकासी की सीमा को 50 हजार से बढ़ाकर 1 लाख रुपए कर दिया था। पहली बार इस पर 6 महीने का प्रतिबंध लगाया गया था। फिर इसे बढ़ाकर 22 दिसंबर, 2020 तक कर दिया था। रिजर्व बैंक ने पांच जून, 2019 को निकासी की सीमा 50 हजार रुपए कर दी थी। RBI ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के पूर्व महाप्रबंधक एके दीक्षित को नया प्रशासक नियुक्त किया था।

PMC Bank ने अवैध तरीके से HDIL ग्रुप को 6500 करोड़ रुपए  लोन दिया था, जो सितंबर 2019 में बैंक के टोटल लोन बुक साइज 8880 करोड़ रुपए का का 73% था।  मार्च, 2019 में बैंक की डिपॉजिट 11,617 करोड़ रुपए थी। PMC Bank के पूर्व एमडी जॉय थॉमस और पूर्व चेयरमैन वरयाम सिंह (Waryam Singh) को पिछले साल अक्टूबर में मुंबई की इकोनॉमिक ऑफेंस विंग (Economic Offences Wing- EOW) ने गिरफ्तार कर लिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *