मिड कैप फंड : बेंचमार्क की तुलना में महिंद्रा मैनुलाइफ शीर्ष पर, तीन साल में 26 फीसदी रिटर्न
मुंबई : म्यूचुअल फंड की मिड कैप स्कीमें इस समय अपने बेंचमार्क की तुलना में बेहतर रिटर्न निवेशकों को दे रही हैं। कुछ फंड हाउसों की स्कीमों ने पिछले तीन सालों में 26 फीसदी से ज्यादा रिटर्न दिया है। जबकि बेंचमार्क का रिटर्न इस दौरान 23 फीसदी ही रहा है।
मिडकैप फंडों में निवेशकों की रुचि बढ़ी है और दिसंबर 2025 में इनका एसेट अंडर मैनेजमेंट (एयूएम) लगभग 2.5 गुना बढ़कर 4.61 लाख करोड़ रुपये हो गया। दिसंबर, 2022 में 1.85 लाख करोड़ रुपये था। दिसंबर, 2025 तक इक्विटी फंडों के कुल एयूएम का 13% हिस्सा इन फंडों का है। निफ्टी मिडकैप-150 टीआरआई ने निफ्टी-100 टीआरआई और निफ्टी स्मॉल कैप 250 टीआरआई सूचकांकों को एक, तीन, पांच और सात वर्षों की समयसीमाओं में काफी अंतर से पीछे छोड़ दिया है।
महिंद्रा मैनुलाइफ मिड कैप फंड ने मध्यम और लंबी अवधि में अपनी कैटेगरी और बेंचमार्क की तुलना में बहुत ही अच्छा प्रदर्शन किया है। तीन, पांच, सात और आठ वर्षों (स्थापना के बाद से) की अवधि मेंफंड ने निफ्टी मिडकैप-150 टीआरआई को पॉइंट-टू-पॉइंट रिटर्न के आधार पर कम से कम दो प्रतिशत अंकों से मात दी है। एक, तीन, पांच और सात वर्षों की अवधि में श्रेणी के औसत रिटर्न को भी पीछे छोड़ दिया है। इसने मध्यम और लंबी अवधि में कोटक मिडकैप, एक्सिस मिडकैप और एसबीआई मिडकैप सहित कई प्रतिस्पर्धियों से बेहतर प्रदर्शन किया है।
जनवरी, 2018 से फरवरी, 2026 तक के 3-वर्षीय रोलिंग रिटर्न को ध्यान में रखते हुएफंड ने निफ्टी-150 टीआरआई से 81 प्रतिशत से अधिक समय तक बेहतर प्रदर्शन किया है। इस रोलिंग अवधि और 8 वर्षीय समयसीमा के दौरानफंड ने औसतन 26 प्रतिशत का रिटर्न दिया है, जो निफ्टी-150 टीआरआई के 24.6 प्रतिशत से अधिक है। इस फंड ने जोखिम-समायोजित रिटर्न में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
पिछले आठ वर्षों में एसआईपी (XIRR) के जरिये फंड का रिटर्न 22.3% रहा है जो टाटा, एसबीआई, एक्सिस, कोटक, क्वांट और एचएसबीसी जैसे मिडकैप फंडों से अधिक है। निफ्टी मिडकैप-150 टीआरआई में 21.1% का रिटर्न मिला है। 30 जनवरी, 2026 तकफंड के पास 61 शेयरों का मजबूत पोर्टफोलियो है। शीर्ष-10 होल्डिंग्स कुल होल्डिंग्स का लगभग 26% हिस्सा हैं। इससे पोर्टफोलियो अच्छी तरह से विविधीकृत हो जाता है।
वित्तीय सेवा क्षेत्र के शेयरों (29%) को सभी समयावधियों में शीर्ष होल्डिंग के रूप में रखते हुए और एक्सपोजर बढ़ाते हुएफंड पिछले 18 महीनों में अस्थिर बाजार परिवेश में भी इस उत्कृष्ट प्रदर्शन वाले सेगमेंट का लाभ उठाने में सक्षम रहा है। ऑटोमोबाइल और ऑटो कंपोनेंट्स, स्वास्थ्य सेवा और चुनिंदा पूंजीगत वस्तुओं में निवेश के साथ, फंड ने मध्यम अवधि में भी अच्छा प्रदर्शन किया है।
ऐसे रहा मिडकैप फंडों का रिटर्न
फंड 3 साल 5 साल 7 साल
महिंद्रा मैनुलाइफ 26.7% 23.8% 22.6%
एक्सिस 21.0% 17.7% 19.9%
कोटक 23.2% 21.6% 22.4%
एसबीआई 18.9% 19.5% 19.9%
कैटेगरी 23.4% 20.6% 20.6%

