शक्तिशाली पासपोर्ट में भारत को झटका, पांच पायदान खिसककर 85वें स्थान पर
मुंबई- दुनिया के शक्तिशाली पासपोर्ट में पिछले साल की तुलना में भारत पांच पायदान खिसककर 85 वें स्थान पर आ गया है। भारतीय पासपोर्ट पर दुनिया के 57 देशों में वीजा फ्री यात्रा की जा सकती है। कुल 227 देशों में सिंगापुर पहले स्थान पर काबिज है। इस पासपोर्ट के जरिये 193 देशों में वीजा फ्री यात्रा की जा सकती है। इंडेक्स की रैंकिंग इस आधार पर होती है कि उस देश के पासपोर्ट पर कितने देशों में वीजा फ्री यात्रा कर सकते हैं।
188 देशों में वीजा फ्री यात्रा के साथ कनाडा, माल्टा और पोलैंड सातवें नंबर पर हैं। अमेरिकी पासपोर्ट 9वें स्थान पर है जिसके जरिये 186 देशों में जा सकते हैं। हेनले एंड पार्टनर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, जापान का पासपोर्ट दूसरा सबसे शक्तिशाली पासपोर्ट है। इससे 193 देशों में वीजा फ्री यात्रा की अनुमति मिलती है। दक्षिण कोरिया, फ्रांस, जर्मनी, इटली, स्पेन और फिनलैंड संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं। इनके पासपोर्ट पर 192 देशों में वीजा फ्री प्रवेश की अनुमति है।
चौथे नंबर पर आस्ट्रिया, डेनमार्क, आयरलैंड, लक्जमबर्ग, नॉर्वे, स्वीडन और नीदरलैंड हैं, जिनके पासपोर्ट पर 191 देश वीजा फ्री प्रवेश मिलता है।190 देशों में प्रवेश के साथ बेल्जिम, पुर्तगाल, न्यूजीलैंड, स्विटजरलैंड और ब्रिटेन का सबसे ताकतवर पासपोर्ट है। ऑस्ट्रेलिया और ग्रीस का छठा नंबर है, जिससे 189 देशों में वीजा फ्री यात्रा है।
पाकिस्तान 103वें नंबर पर है। यमन के पासपोर्ट की भी यही रैंकिंग है। पाकिस्तानी पासपोर्ट रखने वाले बिना वीजा के सिर्फ 33 देशों में ही जा सकते हैं। पाकिस्तान से कमजोर इराक (104वां), सीरिया (105वां) और अफगानिस्तान (106वां) के पासपोर्ट हैं। सोमालिया का पासपोर्ट 102वें नंबर पर है।