चेन्नई की इस कंपनी ने कर्मचारियों को उपहार में दी कार और बाइक
मुंबई- चेन्नई की एक कंपनी ने अपने कर्मचारियों को क्रिसमस पर महंगे गिफ्ट दिए हैं। सरमाउंट लॉजिस्टिक्स सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड ने अपने कर्मचारियों को कंपनी के प्रति उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण को देखते हुए कार और मोटरसाइकिल उपहार में दी हैं। कंपनी के एक शीर्ष अधिकारी कहा कि कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के लिए उन्हें महंगे गिफ्ट दिए गए हैं। कंपनी के 20 कर्मचारियों को टारगेट हासिल करने के लिए प्रेरित करने के वास्ते उन्हें टाटा की कार, एक्टिवा स्कूटी और रॉयल एनफील्ड बाइक गिफ्ट में दी गईं।
यह कंपनी माल ढुलाई में देरी, पारदर्शिता की कमी और अकुशल आपूर्ति श्रृंखला समाधान जैसी लॉजिस्टिक्स क्षेत्र की आम चुनौतियों का समाधान करती है। कंपनी के फाउंडर और एमडी डेन्जिल रायन ने बयान में कहा कि हमारा मिशन सभी आकार के बिजनस के लिए लॉजिस्टिक्स को सरल बनाना है। हम पारंपरिक माल ढुलाई और लॉजिस्टिक्स प्रक्रियाओं की कठिनाइयों को समझते हैं। हमारा लक्ष्य ऐसे समाधान प्रदान करना है जो न केवल कुशल हों, बल्कि पर्यावरण के प्रति भी सचेत हों।