120 देशों में फैला था इस कंपनी का कारोबार, मालिक की सड़क दुर्घटना में मौत

मुंबई- स्पेन की हाई स्ट्रीट फैशन चेन Mango के अरबपति फाउंडर आइजैक एंडिच की शनिवार को एक दुर्घटना में मौत हो गई। वह स्पेन में बार्सिलोना के करीब गुफाओं को देखने गए थे। इसी दौरान खाई में गिरकर उनकी मौत हो गई। वह 71 वर्ष के थे।

तुर्की में पैदा हुए एंडिच ने अपने भाई नाहमन की मदद से 1984 में Mango की स्थापना की थी। इस चेन का बिजनस 120 देशों में फैला है। इन देशों में कंपनी के करीब 3,000 आउटलेट हैं। फोर्ब्स के मुताबिक उनकी नेटवर्थ करीब 381 खरब रुपये थी।

एंडिच अपने परिवार के साथ पहाड़ों में बनी गुफाओं को देखने जा रहे थे। इसी दौरान वह 150 मीटर खाई में गिर पड़े। कंपनी के सीईओ Toni Ruiz ने कहा कि एंडिच का इस तरह अचानक जाना हमारे लिए बेहद दु:खद है। लेकिन हम सभी उनकी विरासत और उपलब्धियों का हिस्सा हैं। स्पेन के प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज ने दुर्घटना में एंडिच की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि एंडिच ने स्पेन की एक कंपनी को ग्लोबल स्टेज पर पहुंचाया और इसे वर्ल्ड लीडर बनाया।

एंडिच 1960 के दशक में अपने परिवार के साथ नॉर्थ-ईस्टर्न स्पेन के कैटालूनिया रीजन में आए थे। वह Mango के नॉन-एग्जीक्यूटिव चेयरमैन थे। पिछले साल कंपनी का टर्नओवर 3.1 अरब यूरो था। एंडिच को स्पेन के फैशन हाउस Zara के फाउंडर एमानशियो ओर्टेगा का प्रतिद्वंद्वी माना जाता था। ब्रिटेन में Mango की लोकप्रियता 2011 में उस समय बढ़ी जब ब्रिटिश मॉडल केट मॉस को ब्रांड एंबेसेडर बनाया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *