देश का सबसे महंगा फ्लैट, फैमी केयर के मालिक ने खरीदा 369 करोड़ में  

मुंबई- देश में रेजिडेंशियल प्रॉपर्टी डील का एक नया रेकॉर्ड बना है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में एक अपार्टमेंट 369 करोड़ रुपये में बिका है जो देश में अब तक की सबसे महंगी अपार्टमेंट डील है। कोंट्रासेप्टिव बनाने वाली कंपनी फैमी केयर के फाउंडर जेपी तपारिया के परिवार ने दक्षिण मुंबई के मालाबार हिल इलाके में यह लग्जरी ट्रिप्लेक्स अपार्टमेंट खरीदा है।  

जानकारों का कहना है कि टपारिया परिवार ने यह अपार्टमेंट रियल्टी डेवलपर कंपनी लोढा ग्रुप से खरीदा है। यह अपार्टमेंट अंडर कंस्ट्रक्शन सुपर लग्जरी रेजिडेंशियल टावर लोढा मालाबार के 26वीं, 27वीं और 28वीं मंजिल पर है। यह टावर गवर्नर एस्टेट के सामने वाल्केश्वर रोड पर है। इसके एक तरफ अरब सागर और दूसरी तरफ हैंगिंग गार्डन्स है। 

सूत्रों के मुताबिक इस अपार्टमेंट का टोटल एरिया 27,160 स्क्वायर फुट है और यह डील 1.36 लाख रुपये प्रति स्क्वायर फुट के हिसाब से हुई है। प्रति स्क्वायर फुट के हिसाब से यह देश की सबसे महंगी रेजिडेंशिल डील है। बजाज ऑटो के चेयरमैन नीरज बजाज ने हाल में इसी टावर में एक पेंटहाउस 252.50 करोड़ रुपये में खरीदा था।  

टपारिया परिवार ने लोढा ग्रुप की लिस्टेड कंपनी मैक्रोटेक डेवलपर्स से यह अपार्टमेंट खरीदा है। इसकी रजिस्ट्री बुधवार शाम को हुई। टपारिया परिवार ने 19.07 करोड़ रुपये की स्टाम्प ड्यूटी चुकाई। यह लग्जरी टावर 1.08 एकड़ में फैला है और इसका काम जून 2026 तक पूरा होने की संभावना है। 

फरवरी में वेलस्पन ग्रुप के चेयरमैन बीके गोयनका मुंबई के वर्ली इलाके में 240 करोड़ रुपये में एक पेंटहाउस खरीदा था। यह उस समय सबसे महंगी रेजिडेंशियल डील थी। लेकिन नीरज बजाज ने उस डील को पीछे छोड़ दिया था। अब टपारिया परिवार ने देश की अब तक की सबसे महंगी रेजिडेंशियल डील की है। पिछले हफ्ते सिंथेटिक फाइबर रोप बनाने वाली कंपनी Tufropes के डायरेक्टर माधव अरुण गोयल ने भी इसी प्रोजेक्ट में 121 करोड़ रुपये का सुपर लग्जरी अपार्टमेंट खरीदा था। मालाबार हिल और वाल्केश्वर रोड देश के सबसे महंगे इलाकों में हैं। यह प्रॉपर्टी की जबर्दस्त डिमांड है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *