सोने की कीमत इस साल 34 पर्सेंट बढ़ी, पिछले 34 सालों का टूट गया रिकॉर्ड

मुंबई- सोने की उड़ान लगातार जारी है। इस साल सोने की कीमत में अब तक 34 फीसदी तेजी आई है। यह 1995 के बाद सोने की कीमत में आई सबसे ज्यादा तेजी है। इस साल अब तक सोना 41 बार ऑल-टाइम हाई पर पहुंच चुका है। इससे पहले 2011 में सोना 34 बार ऑल-टाइम हाई पर पहुंचा था।

इतिहास में पहली बार सोने की कीमत 2,800 डॉलर प्रति औंस के पार पहुंची है। अगर महंगाई को एडजस्ट किया जाए तो सोना 1970 के दशक के बाद उच्चतम स्तर पर ट्रेड कर रहा है। सोना 1979 के बाद सबसे बेहतर सालाना प्रदर्शन की ओर बढ़ रहा है। 45 साल पहले सोना 120 फीसदी उछला था।

अमेरिका में राष्ट्रपति चुनावों को लेकर बढ़ रही अनिश्चितता और पश्चिम एशिया में संकट के कारण सोने की कीमत में तेजी आई है। जानकारों का कहना है कि अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के बाद के महीने सोने की निकट अवधि की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण होंगे। भारत की बात करें तो ऐतिहासिक रूप से त्यौहारी सीजन के दौरान सोने की मांग में उछाल आता है। इस साल दिवाली के साथ अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव और फेडरल रिजर्व की इस साल आखिरी नीति बैठक भी हो रही है।

मध्यम अवधि में सोने की कीमत 81,000 रुपये प्रति 10 ग्राम और लंबी अवधि में 86,000 रुपये तक पहुंच सकती हैं। कॉमेक्स पर सोने के मध्यम अवधि में 2,830 डॉलर और लंबी अवधि में 3,000 डॉलर तक पहुंचने की उम्मीद है। सोना हाल के वर्षों में लगातार सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाली एसेट्स में से एक रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *