लागत घटाने के लिए सैमसंग भारत में 1,000 से ज्यादा की कर सकती है छंटनी
मुंबई- लागत कम करने के लिए कोरियाई कंपनी सैमसंग भारतीय बाजार में 200 अधिकारियों सहित 1,000 की छंटनी की योजना बना रही है। देश में इसके 25,000 कर्मचारी हैं। मांग में कमी के कारण कंपनी की बिक्री पर असर हो रहा है। इससे कंपनी ने नई भर्तियां भी बंद कर दी है।
सूत्रों के मुताबिक, यह छंटनी मोबाइल फोन, कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स, होम अप्लायंसेस और अन्य में होगी। सैमसंग के भारत में 2,000 अधिकारी हैं। यानी 10 फीसदी अधिकारियों की छंटनी हो सकती है। कंपनी के चेन्नई कारखाने के कर्मचारी तीन दिन से हड़ताल पर हैं। इससे त्योहारी सीजन में फ्रिज, वॉशिंग मशीन और टीवी का उत्पादन प्रभावित हो रहा है। कंपनी अभी भी अपनी क्षमता का केवल 50-80 फीसदी ही उत्पादन कर पा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, सैमसंग परिचालन का पुनर्गठन कर रही है। इसमें कुछ सेक्शन का विलय हो सकता है। ऐसा होता है तो छंटनी की संख्या और बढ़ सकती है। इसका अंतिम निर्णय दिवाली के बाद लिया जाएगा। सैमसंग इंडिया का कारोबार पिछले कुछ वर्षों में जब दो अंकों से ज्यादा बढ़ा तो जूनियर और मध्य स्तर के कर्मचारियों का वेतन भी जबरदस्त बढ़ा दिया गया। यह उद्योग की तुलना में दोगुना हो गया था।
सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स कुछ विभागों में अपने विदेशी कर्मचारियों में से 30% तक की कटौती कर रही है। सहायक कंपनियों को बिक्री और विपणन में 15 फीसदी और प्रशासनिक विभाग में 30 फीसदी कर्मचारी कम करने का निर्देश दिया है। यह योजना इस साल के अंत तक लागू की जाएगी। इसका असर अमेरिका, यूरोप, एशिया और अफ्रीका में नौकरियों पर पड़ेगा। सैमसंग के पास 2023 के अंत तक 267,800 कर्मचारी थे। कंपनी का मुख्य कारोबार चिप का है। पिछले साल इसका मुनाफा 15 साल के निचले स्तर पर चला गया।