पिछले वित्त वर्ष में 4.67 करोड़ रोजगार का निर्माण, 5 साल में 8 करोड़ को काम
मुंबई- देश में वित्त वर्ष 2023-24 में 4.67 करोड़ रोजगार का निर्माण हुआ है। इसके साथ ही कुल कार्यरत लोगों की संख्या 64.33 करोड़ हो गई है। आरबीआई की जारी रिपोर्ट के अनुसार, देश में रोजगार की संख्या में पिछले वित्त वर्ष में छह फीसदी की तेजी देखी गई है।
उधर, श्रम और रोजगार मंत्रालय ने कहा, वित्त वर्ष 2017-18 से 2021-22 के दौरान पांच वर्षों में 8 करोड़ लोगों को रोजगार मिला है। इसने सोमवार को सिटी की जारी रिपोर्ट को खारिज करते हुआ कहा, इस दौरान हर वर्ष औसतन दो करोड़ से ज्यादा लोगों को काम मिला है।
आरबीआई ने सोमवार को जारी रिपोर्ट में कहा, 2022-23 में रोजगार निर्माण 3.2 फीसदी की दर से बढ़ा था। आरबीआई ने कहा, यह रिपोर्ट प्रोविजनल है और उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर तैयार की गई है। 27 सेक्टर में काम करने वालों की संख्या 2022-23 में 3.31 फीसदी बढ़कर 59.66 करोड़ पर पहुंच गई है। इसमें कृषि, ट्रेड और वित्तीय सेवाएं भी शामिल हैं। 2021-22 में यह संख्या 57.55 करोड़ थी।