बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का अब 5 लाख करोड़ डॉलर पहुंचा मार्केट कैप
मुंबई- बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर सूचीबद्ध कंपनियों की पूंजी पहली बार 5 लाख करोड़ डॉलर पर पहुंचकर बंद हुई है। मंगलवार को यह दिन के कारोबार में इस स्तर पर पहुंची थी। हालांकि, बंद होते समय यह गिरकर 4.97 लाख करोड़ डॉलर पर रह गई थी।
रुपये में बुधवार को कुल पूंजी 415.94 लाख करोड़ रुपये रही। पिछले 9 कारोबारी सत्रों में बाजार की तेजी से कुल 22.95 लाख करोड़ रुपये की तेजी देखी गई है। 29 नवबंर को यह पहली बार 4 लाख करोड़ डॉलर पर पहुंची थी। जबकि 24, मई, 2021 को तीन लाख करोड़ डॉलर पर थी। एक लाख करोड़ डॉलर का स्तर पहली बार 28 मई, 2007 को बाजाने छुआ था।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) सेंसेक्स बुधवार को 267.75 अंक बढ़कर 74,221.06 पर बंद हुआ। इसके 30 शेयरों में 9 शेयर गिरावट में और 21 बढ़त में रहे। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 68.75 अंकों की तेजी के साथ 22,597.80 पर पहुंच गया। इसके 50 में से 33 शेयर बढ़त में और 17 गिरावट में रहे।