मौसम खराब रहा तो बढ़ सकती है महंगाई, कच्चे तेल में रहेगी अस्थिरता
मुंबई- आने वाले समय में अगर मौसम खराब रहा तो महंगाई बढ़ने का खतरा हो सकता है। साथ ही वैश्विक स्तर पर लंबे समय से जारी तनावपूर्ण स्थिति से कच्चे तेल की कीमतों में अस्थिरता बनी रह सकती है। भारतीय रिजर्व बैंक यानी आरबीआई के अप्रैल के बुलेटिन में यह बात कही गई है। खुदरा महंगाई मार्च में घटकर 4.9 प्रतिशत रही है। इससे पहले पिछले दो महीनों में यह औसतन 5.1 फीसदी रही थी।
आरबीआई के मंगलवार को जारी बुलेटिन में कहा गया है कि 2024 की पहली तिमाही में वैश्विक वृद्धि की गति बरकरार रही है। विश्व व्यापार का नजरिया सकारात्मक हो रहा है। बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में बॉन्ड पर रिटर्न और कर्ज की ब्याज दर बढ़ रही है। ब्याज दर में कमी को लेकर जो संभावनाएं थी, वह कमजोर पड़ी हैं।
लेख के अनुसार, मजबूत निवेश मांग, उत्साहित व्यापार और उपभोक्ता धारणाओं के साथ भारत में वास्तविक जीडीपी की वृद्धि दर में तेजी के लिए परिस्थितियां सही हो रही हैं। हालांकि, आरबीआई ने कहा कि बुलेटिन के विचार उसका नहीं बल्कि लेखकों के हैं।