यूपीएससी में लखनऊ के आदित्य पहले रैंक पर, टॉप 10 में 5 युवतियां
मुंबई- संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने 2023 की सिविल सेवा परीक्षा (CSE) का परिणाम घोषित कर दिया है। आदित्य श्रीवास्तव ने परीक्षा में पहला स्थान प्राप्त किया है। उनके बाद दो अन्य पुरुष उम्मीदवार दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे, जबकि डोनुरु अनन्या रेड्डी ने चौथे स्थान के साथ महिलाओं में पहला स्थान हासिल किया।
इस साल टॉप 10 उम्मीदवारों में पांच महिलाएं शामिल हैं। हर साल की तरह इस साल भी लोगों के बीच उत्सुकता है कि इस बार UPSC टॉप करने वाला कैंडिडेट कौन है? और उन्होंने क्या पढ़ाई की है। तो आइए जानते हैं इस बार के UPSC टॉपर आदित्य श्रीवास्तव के बारे में।
UPSC CSE 2023 के परिणाम घोषित होने के बाद से आदित्य श्रीवास्तव सुर्खियों में हैं। लखनऊ के भिटौली के रहने वाले आदित्य श्रीवास्तव का रोल नंबर 2629523 है और उनका ऑप्शनल विषय इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग था।
बात करें उनकी शिक्षा की तो अभी तक यह पता नहीं लग पाया है कि वह किस स्कूल से पढ़े हुए हैं। लेकिन ग्रेजुएशन उन्होंने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, कानपुर (IIT कानपुर) से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री हासिल की है। यह आदित्य का दूसरा UPSC प्रयास था। उन्होंने 2022 में अपनी पहली कोशिश में 236वीं रैंक हासिल की थी।
UPSC सिविल सेवा परीक्षा (CSE) 2023 में पुरुष और महिला उम्मीदवारों ने शानदार प्रदर्शन किया है। इस वर्ष, शीर्ष 10 में महिला उम्मीदवारों की संख्या 5 है, जो पुरुष उम्मीदवारों के बराबर है।