बायजू के मालिक रवींद्रन की नेटवर्थ हुई जीरो, 2023 में थी 17,500 करोड़
मुंबई- वित्तीय संकट से जूझ रही एडटेक कंपनी बायजूस के फाउंडर बायजू रवीन्द्रन की नेटवर्थ शून्य हो गई है। एक साल पहले यानी 4 अप्रैल 2023 को उनकी नेटवर्थ करीब ₹17,545 करोड़ थी। फोर्ब्स की बिलेनियर इंडेक्स 2024 में ये जानकारी सामने आई है।
फोर्ब्स की रिपोर्ट में बताया गया है कि पिछले साल की लिस्ट से इस बार 4 लोगों को बाहर किया गया है, उनमें रवीन्द्रन भी शामिल हैं। हाल ही में ब्लैकरॉक ने बायजूस की वैल्यूएशन घटाकर एक अरब डॉलर कर दी थी। 2022 में 22 अरब डॉलर का मूल्यांकन था।
बायजूस की स्थापना 2011 में रवींद्रन ने की थी। उनकी पत्नी दिव्या, उनके शुरुआती छात्रों में से एक हैं और बोर्ड में भी शामिल हैं। कंपनी अभी नकदी संकट से जूझ रही है। ऐसे में पिछले महीने बायजूस शेयरहोल्डर्स ने रवींद्रन को CEO पद से हटाने के लिए वोटिंग भी की थी।
बायजूस शेयरहोल्डर्स ने पिछले महीने रवींद्रन को CEO पद से हटाने और पत्नी दिव्या और भाई रिजु को भी हटाने के लिए वोटिंग की थी। दिसंबर महीने में बायजू रवींद्रन ने एम्प्लॉइज को सैलरी देने के लिए अपने घर के साथ-साथ अपने फैमिली मेंबर्स का घर भी गिरवी रखा था।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने बायजूस के खिलाफ दिवालिया कार्रवाई शुरू की। बायजूस पर ₹158 करोड़ के पेमेंट में चूक का आरोप है। ED ने 9,000 करोड़ से अधिक के FEMA उल्लंघन मामले में नोटिस भेजा। फॉरेन करेंसी फ्लो को लेकर 1999 में FEMA बना था।