जेरोधा के सीईओ नितिन कामत को आया स्ट्रोक, 6 महीने में होंगे ठीक
मुंबई- ब्रोकिंग सर्विस प्लेटफॉर्म जेरोधा के सह-संस्थापक और सीईओ नितिन कामत ने सोमवार को बड़ा खुलासा किया। उन्होंने बताया कि छह हफ्ते पहले उन्हें हल्के स्ट्रोक का सामना करना पड़ा था। कामत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर यह जानकारी दी। नितिन ने इस बात पर ताज्जुब भी जताया है कि उनके जैसा फिट और सेहत को लेकर जागरूक शख्स स्ट्रोक की चपेट में किस तरह आ सकता है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए नितिन कामत ने बताया, ‘लगभग छह हफ्ते पहले मुझे अचानक हल्का स्ट्रोक हुआ था। इसका कारण पिता का देहांत, ठीक से नींद न पूरी होना, थकान, शरीर में पानी की कमी और ज्यादा काम करना कुछ भी हो सकता है।’
उन्होंने कहा, स्ट्रोक आने के बाद उनका चेहरा थोड़ा एक तरफ झुक गया है। पढ़ने-लिखने में भी दिक्कत हो रही है। इसके साथ ही उन्होंने तीन से छह महीनों में पूरी तरह ठीक हो जाने की उम्मीद भी जताई।
कामत ने कहा, ‘चेहरा एक तरफ काफी झुक गया था और मैं लिख-पढ़ भी नहीं पा रहा था। लेकिन अब झुके हुए चेहरे में कमी आई है और अब पढ़-लिख भी ले रहा हूं। एकदम खोया-खोया रहने की जगह अब थोड़ा चौकस हो गया हूं।
नितिन ने अपने भाई निखिल कामत के साथ मिलकर किफायती ब्रोकिंग प्लेटफॉर्म जेरोधा की नींव रखी थी। यह प्लेटफॉर्म तेजी से कामयाबी की दिशा में बढ़ा है। जेरोधा ने भारत में ऑनलाइन ट्रेडिंग को लोकप्रिय बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। नितिन कामत ने अपने भाई निखिल के साथ मिलकर जेरोधा की स्थापना की थी।
नितिन का जन्म 5 अक्टूबर 1979 में कर्नाटक के शिमोगा में हुआ था। उन्हेांने कंप्यूटर साइंस में BE की डिग्री ली है। 2008 में उनकी शादी सीमा पाटिल से हो गई थी। सीमा जेरोधा में क्वालिटी चीफ हैं। दोनों को एक बेटा है। नितिन कामत की संपत्ति 5.4 अरब डॉलर आंकी जाती है।
जेरोधा की गिनती देश के सबसे बड़े डिस्काउंट ब्रोकरों में होती है। इसके 1 करोड़ से ज्यादा एक्टिव सब्सक्राइबर हैं। कंपनी में 1500 से ज्यादा कर्मचारी काम करते हैं। नितिन ने छोटे भाई के साथ 2010 में बेंगलुर में कंपनी की नींव रखी थी।