टाटा की इस कंपनी का एक लाख करोड़ मार्केट कैप, 140 पर्सेंट का मुनाफा
मुंबई- ट्रेंट लिमिटेड 1 लाख करोड़ रुपए के मार्केट कैप वाली टाटा ग्रुप की 5वीं कंपनी बन गई है। ट्रेंट के शेयर शुक्रवार के कारोबार के दौरान 2% की बढ़ोतरी के साथ 2,840 रुपए के रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गए। इसी के साथ इसका मार्केट कैप 1,00,958 करोड़ रुपए पर पहुंच गया। हालांकि, बाद में शेयरों में थोड़ी गिरावट आई और ये 1.27% ऊपर 2,822.40 रुपए पर बंद हुए।
ट्रेंट के शेयर 27 जनवरी, 2023 को अपने 52-हफ्ते के निचले स्तर 1155.10 रुपए से लगभग 150% बढ़ गए हैं। पिछले छह महीनों में स्टॉक 75% से ज्यादा चढ़ा है। वहीं पिछले एक महीने में यह करीब 30% बढ़ा है। ट्रेंट के अलावा टाटा ग्रुप की 1 लाख करोड़ के मार्केट कैप वाली अन्य कंपनियों में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), टाइटन, टाटा मोटर्स और टाटा स्टील है।
ट्रेंट रिटेल कॉन्सेप्ट-बेस्ड चेन्स का एक पोर्टफोलियो ऑपरेट करता है। इसमें फैशन रिटेलर वेस्टसाइड, जूडियो और ट्रेंट हाइपरमार्केट शामिल है। ट्रेंट ने सितंबर 2023 तिमाही के लिए नेट प्रॉफिट में साल-दर-साल (YoY) आधार पर 56% की बढ़ोतरी दर्ज की थी। यह 289.6 करोड़ रुपए रहा था। सितंबर तिमाही के लिए कंपनी का कुल रेवेन्यू 59% बढ़कर 2,891 करोड़ रुपए हो गया। वहीं दूसरी तिमाही में कंपनी का Ebitda 73% बढ़कर 461 करोड़ रुपए रहा। इसके अलावा Ebitda मार्जिन 15.9% रहा था।