बोइंग की दुनिया भर में दो हजार कर्मचारियों को नौकरी से निकालने की तैयारी
मुंबई- प्लेन बनाने वाली दुनिया की सबसे बड़ी कंपनियों में से एक बोइंग इस साल 2,000 लोगों को कम करने जा रही है। खबर है कि इसमें से अधिकतर नौकरी फाइनेंस और एचआर डिपार्टमेंट की होंगी। एक तरफ कंपनी कुछ कर्मचारियों की छुट्टी करेगी, तो वहीं दूसरी ओर कुछ पोजिशंस को भी कम किया जा सकता है।
बोइंग ने ये भी साफ किया है कि जिन जॉब्स को वो कम करने वाली है, उसमें से करीब एक तिहाई को वह भारत में टाटा कंसल्टेंसी सर्विस को आउटसोर्स कर देगी। सियाटेल टाइम्स ने बोइंग के 2,000 लोगों की छंटनी किए जाने की खबर को कंफर्म किया है।
बोइंग ने सोमवार को कहा कि वह अपने कॉरपोरेट स्ट्रक्चर को सरल बनान जारी रखेगी। पिछले महीने बोइंग ने कहा था कि वह आने वाले दिनों में अपने सपोर्ट स्टाफ को कम करेगी. पिछले साल बोइंग ने अमेरिका में फाइनेंस डिपार्टमेंट में से करीब 150 लोगों की छंटनी करने की योजना बनाई थी।
वर्जीनिया की इस कंपनी ने 2022 में 15,000 लोगों की हायरिंग की थी. बाद में कंपनी ने ऐलान किया था कि वह 2023 में करीब 10,000 वर्कर्स को काम पर रखेगी। हालांकि कंपनी ने कुछ सपोर्ट पोजिशंस को कम करने की भी बात कही थी।
दुनियाभर में कंपनियों के अंदर छंटनी का दौर चल रहा है। अमेजन ने 18,000, तो गूगल ने 12,000 और माइक्रोसॉफ्ट जैसी बड़ी टेक कंपनियों ने 10,000 लोगों को नौकरी से निकालने की घोषणा की है।