देश का विदेशी मुद्रा भंडार दो साल के निचले स्तर पर, 118 अरब डॉलर गिरा 

मुंबई- देश का विदेशी मुद्रा भंडार लगातार गिरावट में है। अब यह गिरकर दो साल के निचले स्तर पर पहुंच गया है। पिछले साल सितंबर से लेकर अब तक इसमें 118 अरब डॉलर की भारी भरकम गिरावट आई है।  

शुक्रवार को आरबीआई द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 21 अक्तूबर को समाप्त हफ्ते में विदेशी मुद्रा भंडार 524.52 अरब डॉलर रहा है जो सितंबर, 2021 में 642 अरब डॉलर से ज्यादा था। हाल में डॉलर की तुलना में रुपये की कमजोरी को रोकने के लिए आरबीआई ने लगातार डॉलर बेचा है। इसने अब तक 45 अरब डॉलर की बिक्री की है।  

एशिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था का विदेशी मुद्रा भंडार 14 अक्तूबर को समाप्त हफ्ते में 3.85 अरब डॉलर गिर कर 528.37 अरब डॉलर पर चला गया था। पिछले 12 हफ्तों में से 11 हफ्तों में इसमें गिरावट आई थी। 9 हफ्ते तक इसमें लगातार गिरावट के बाद दसवें हफ्ते में 7 अक्तूबर को सोने के भंडार में तेजी से विदेशी मुद्रा भंडार 20.4 करोड़ डॉलर बढ़ गया था।  

विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट के एक प्रमुख कारण विदेशी मुद्रा संपत्तियों (एफसीए) में तेजी से कमी आना है। यह पूरे भंडार में सबसे ज्यादा योगदान करता है। 21 अक्तूबर को समाप्त हफ्ते में यह 465.98 अरब डॉलर था जबकि सोना का भंडार 37.21 अरब डॉलर था।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *