एचसीएल के शिव नाडर ने किया 1161 करोड़ रुपये का दान
मुंबई- भारत के सबसे बड़े दानवीरों की लिस्ट गुरुवार (20 अक्टूबर) को जारी कर दी गई है। दानदाताओं की लिस्ट 2022 के मुताबिक, HCL के फाउंडर शिव नाडर सबसे ज्यादा दान देने वाले अरबपतियों की लिस्ट में पहले नंबर पर आ गए हैं। वहीं पिछले साल इस लिस्ट में टॉप पर रहे सॉफ्टवेयर कंपनी विप्रो के फाउंडर अजीम प्रेमजी खिसक कर दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं।
शिव नाडर ने वित्त वर्ष 2021-22 के दौरान 1,161 करोड़ रुपए का दान दिया। प्रतिदिन के हिसाब से यह 3.18 करोड़ रुपए होता है। वहीं अजीम प्रेमजी ने इस साल 484 करोड़ रुपए दान दिया, जो प्रतिदिन 1.32 करोड़ रुपए होता है।
484 करोड़ रुपए के डोनेशन के साथ अजीम प्रेमजी लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं। बीते साल की तुलना में अजीम प्रेमजी के डोनेशन में 95% की गिरावट आई है। अजीम प्रेमजी फाउंडेशन ने एज्युकेशन के क्षेत्र में 484 करोड़ का दान दिया। वहीं पिछले साल उन्होंने 9,713 करोड़ रुपए डोनेट किए थे।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं। अंबानी ने भी एज्युकेशन के क्षेत्र में 411 करोड़ रुपए दान किए। कुमार मंगलम बिड़ला एंड फैमिली ने 242 करोड़ रुपए का डोनेशन दिया। वह इस लिस्ट में चौथे नंबर पर है। आदित्य बिड़ला ग्रुप ने हेल्थकेयर सेक्टर में यह डोनेशन किया।
IT कंपनी माइंडट्री के सुष्मिता और सुब्रतो बागची पांचवें नंबर पर हैं। उन्होंने हेल्थकेयर सेक्टर में 213 करोड़ रुपए डोनेट किए हैं। माइंडट्री के ही राधा और एन एस पार्थसारथी 6वें नंबर पर हैं। उन्होंने भी हेल्थकेयर सेक्टर में 213 करोड़ रुपए ही डोनेट किए हैं।
गौतम अडाणी ने 190 करोड़ रुपए का डोनेशन दिया और वह लिस्ट में 7वें नंबर पर हैं। अडाणी फाउंडेशन ने डिजास्टर रिलीफ फंड में यह पैसा दान किया है। 165 करोड़ रुपए के डोनेशन के साथ अनिल अग्रवाल एंड फैमिली इस लिस्ट में 8वें स्थान पर है। अनिल अग्रवाल वेदांत रिसोर्सेज के चेयरमैन हैं। उन्होंने भी डिजास्टर रिलीफ फंड में यह पैसा डोनेट किया है।
इंफोसिस के नंदन नीलेकणी 159 करोड़ रुपए के डोनेशन के साथ लिस्ट में 9वें नंबर पर हैं। लार्सन एंड टुब्रो के ग्रुप चेयरमैन एएम नाइक ने हेल्थकेयर सेक्टर में 142 करोड़ रुपए का दान दिया। वे इस लिस्ट में 10वें नंबर पर हैं। रिपोर्ट से न केवल दान देने वालों की जानकारी मिलती है, बल्कि यह भी पता चलता है कि ये दान किस सेक्टर में दिया गया है।