19 अक्टूबर से इक्विटी म्यूचुअल फंड में खरीदी और बिक्री 3 बजे तक की जा सकती है, सेबी ने दी अनुमति
मुंबई– पूंजी बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) ने इक्विटी म्यूचुअल फंड में यूनिट्स की खरीदी और बिक्री का समय 3 बजे तक कर दिया है। यह नया टाइम टेबल 19 अक्टूबर से लागू होगा। यह जानकारी म्यूचुअल फंड की संस्था एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड इन इंडिया (एंफी) ने दी है।
एंफी के चेयरमैन निलेश शाह ने एक ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। शाह ने कहा कि हालांकि इसके बावजूद डेट और कंजरवेटिव (रूढ़िवादी) हाइब्रिड फंड्स के लिए पहले वाला ही समय रहेगा। बता दें कि सेबी ने कुछ ही समय पहले 3 बजे के समय को बदलकर 12.30 कर दिया था। अब फिर से इसे उसी पुराने समय पर लाया जा रहा है।
निलेश शाह ने कहा कि इक्विटी म्यूचुअल फंड की यूनिट को खरीदना हो या बेचना हो, दोनों के लिए तीन बजे का समय होगा। यह इक्विटी म्यूचुअल फंड की सभी स्कीम के लिए लागू होगा। एंफी ने सेबी से इस तरह की मांग की थी, जिसे सेबी ने मान लिया। इसका फायदा यह होगा कि निवेशकों के पास उस दिन की एनएवी पाने के लिए ज्यादा समय होगा।
अप्रैल में सेबी ने कोरोना के कारण यूनिट की खरीदी और बिक्री के लिए कट ऑफ टाइम को कम कर दिया था। इसमें लिक्विड और ओवरनाइट स्कीम भी शामिल थीं। लिक्विड और ओवरनाइट फंड के लिए 12.30 से 1.30 तक का समय हुआ करता था। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने अप्रैल में डेट और करेंसी मार्केट का समय घटाकर 10 बजे सुबह से 2 बजे तक कर दिया था।