रिलायंस और फ्यूचर समूह का सौदा खत्म, अब आगे नहीं बढ़ेगी डील  

मुंबई- रिलायंस इंडस्ट्रीज और फ्यूचर ग्रुप के बीच का सौदा अब खत्म हो गया है। रिलायंस ने जानकारी दी कि फ्यूचर ग्रुप के साथ 24713 करोड़ रुपए का सौदा अब आगे नहीं बढ़ सकता है। कंपनी ने बताया है कि ग्रुप को कर्ज देने वाले बैंकों ने इसके खिलाफ वोट किया है। इसका मतलब यह हुआ कि फ्यूचर ग्रुप की फ्यूचर रिटेल को खरीदने के लिए रिलायंस की खुदरा यूनिट्स के बीच जो 24713 करोड़ रुपए का सौदा हुआ था, वह खारिज हो चुका है। 

मुकेश अंबानी के मालिकाना हक वाली कंपनी के मुताबिक फ्यूचर ग्रुप की फ्यूचर रिटेल और अन्य लिस्टेड कंपनियों ने अपने शेयरधारकों व क्रेडिटर्स से डील पर मुहर लगाने का प्रस्ताव रखा था। हालांकि यह प्रस्ताव खारिज हो गया। शुक्रवार को फ्यूचर रिटेल लिमिटेड के सिक्योर्ड क्रेडिटर्स ने डील के खिलाफ अपना वोट किया था, जिसके बाद शनिवार को रिलायंस ने इस सौदे से कदम पीछे हटा लिए हैं।  

इस बैठक में सरकारी बैंक के एक अधिकारी ने कहा था कि रिलायंस द्वारा रखी गई अरेंजमेंट स्कीम के खिलाफ सभी क्रेडिटर्स ने वोट किया था। रिलायंस और फ्यूचर के बीच हुए सौदे पर शेयरहोल्डर्स व लेंडर की मंजूरी लेने के लिए फ्यूचर ग्रुप से रिलेटेड कंपनियों ने इस हफ्ते दो अलग-अलग बैठकें कीं।  

शुक्रवार को बैठक के बाद फ्यूचर ग्रुप ने बताया था कि शेयरधारकों व अनसेफ लेंडर्स ने इस सौदे को मान लिया, लेकिन सिक्योर्ड क्रेडिटर्स ने इस प्लान को खारिज कर दिया है। इसके बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज ने सौदे को निरस्त करते हुए कहा कि अब इस सौदे को नहीं किया जा सकता है। 

फ्यूचर ग्रुप ने अगस्त 2020 में रिलायंस ग्रुप की कंपनी रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड (RRVL) के साथ 24,713 करोड़ रुपए के विलय समझौते की घोषणा की थी। इस समझौते के तहत खुदरा, थोक, लॉजिस्टिक एवं भंडारण खंडों में सक्रिय फ्यूचर ग्रुप की 19 कंपनियों का रिलायंस रिटेल अधिग्रहण करने वाली थी। 


साल 2019 में अमेजन ने 1500 करोड़ रुपए में फ्यूचर कूपन (फ्यूचर ग्रुप की होल्डिंग कंपनी) में 49% हिस्सेदारी खरीदी थी। इस डील के तहत अमेजन को 3 से 10 साल के भीतर फ्यूचर रिटेल में हिस्सेदारी खरीदने का भी अधिकार मिला था। लेकिन 2020 में फ्यूचर ग्रुप ने अपने रिटेल, होलसेल और लॉजिस्टिक्स बिजनेस को रिलायंस रिटेल को 24,713 करोड़ रुपए में बेचने की घोषणा की। इसी के बाद से ये विवाद शुरू हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *