शेयर बाजार बुरी तरह गिरा, 1 महीने में निवेशकों को 29 लाख करोड़ का घाटा
मुंबई- शेयर बाजार में लगातार गिरावट जारी है। इस वजह से दो फरवरी से लेकर अब तक निवेशकों को 29 लाख करोड़ रुपए का घाटा हो चुका है। 2 फरवरी को मार्केट कैप 270.6 लाख करोड़ रुपए था जो अब 241 लाख करोड़ रुपए रह गया है।
मार्केट कैप मतलब लिस्टेड कंपनियों का वैल्यूएशन होता है। शेयर बाजार में करीबन 5 हजार कंपनियां लिस्ट हैं। रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण शेयर बाजार में हफ्ते के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को भारी गिरावट देखने को मिली। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 1,491.06 (2.74%) गिरकर 52,842.75 पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 382.20 (2.35%) की गिरावट के साथ 15,863.15 पर पहुंच गया। बाजार का ये 8 महीने का सबसे निचला स्तर है।
अमेरिका और यूरोप रूसी तेल आयात पर प्रतिबंध लगा सकते हैं। बैंकिंग इंडेक्स में करीब 7.6% की गिरावट आई, जबकि ऑयल और गैस में 2.3% की बढ़त देखने को मिली।
एशियन मार्केट निक्केई में 3%, कोस्पी में 2.3%, हैंग सेंग में 4%, शंघाई कंपोजिट में 2% की गिरावट रही।
इंट्रा-डे ट्रेड यानी दिन भर में सेंसेक्स करीब 2000 पॉइंट गिरकर 52,367 के निचले स्तर पर पहुंच गया था। हालांकि, भारती एयरटेल, एचसीएल टेक, इंफोसिस, आईटीसी और टाटा स्टील में खरीदारी के कारण इसमें मामूली सुधार हुआ। दोनों सूचकांक अब पिछले साल अक्टूबर में अपने रिकॉर्ड उच्च शिखर से 15% नीचे हैं।
बीएसई का स्मॉल कैप इंडेक्स 605.54 (2.30%) की गिरावट के साथ 25,681.12 पर पहुंच गया। मिडकैप इंडेक्स की बात करें तो ये भी 509.64 (2.25%) की गिरावट के साथ 22,108.94 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी के 11 में से 10 सेक्टोरल इंडेक्स गिरावट में बंद हुए। अकेले मेटल इंडेक्स 2.10% की बढ़त के साथ बंद हुआ। सबसे ज्यादा 5.47% की गिरावट रियल्टी इंडेक्स में रही। सरकारी और प्राइवेट बैंक भी 4.5% से ज्यादा की गिरावट के साथ बंद हुए। ऑटो इंडेक्स में 4.21% की गिरावट रही।
इससे पहले शेयर बाजार में शुक्रवार को भी भारी गिरावट रही। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 366 पॉइंट (0.66%) गिरकर 55,102 और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 108 अंक (0.55%) टूटकर 16,498 पर बंद हुआ था। रूस-यूक्रेन युद्ध के चलते कच्चे तेल की कीमत में लगातार उछाल दर्ज किया जा रहा है। सोमवार, यानी 7 मार्च, 2022 को तड़के सुबह ग्लोबल बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमत 130 डॉलर के पार पहुंच गई।