चेन्नई सुपर किंग्स के अनलिस्टेड शेयर्स की भारी मांग
मुंबई- अगले महीने से शुरू होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 से पहले, चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के अनलिस्टेड शेयरों की भारी डिमांड है। CSK एकमात्र IPL टीम है जिसके शेयर ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध हैं।
2018 में CSK के शेयरों की कीमत 12-15 रुपए थी। बीते दिनों IPL ऑक्शन के दौरान कोटक महिंद्रा AMC ने CSK के 1 लाख शेयरों को बेचने के लिए बोलियां आमंत्रित की थी। ये बोली 14 फरवरी से 30 दिनों के लिए है। पिछले साल शेयर की कीमत 70-80 रुपए थी, जो अब 205-210 रुपए पर ट्रेड कर रहे हैं। यानी एक साल में 150% से ज्यादा का रिटर्न चेन्नई सुपर किंग्स ने दिया है।
CSK IPL इतिहास की सबसे सफल टीम में से एक है। 2008 में स्थापित, एमएस धोनी की कप्तानी वाली टीम ने चार बार IPL खिताब जीता है। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) इस साल 26 मार्च से शुरू होगी। फाइनल 29 मई को खेला जाएगा।
संजीव गोयनका के RPSG ग्रुप ने IPL की लखनऊ फ्रेंचाइजी को 7,000 करोड़ रुपए से ज्यादा की बोली के साथ खरीदा है। CVC कैपिटल ने अहमदाबाद फ्रेंचाइजी के लिए 5,625 करोड़ रुपए की बोली लगाई थी। BCCI ने 2,000 करोड़ रुपए का बेस प्राइस रखा था।
अनलिस्टेड शेयर उन्हें कहा जाता जो शेयर बाजार में लिस्ट नहीं होते हैं। इन्हें केवल प्राइमरी मार्केट से ही खरीदा जा सकता है। शेयरों को कंपनी अपने कर्मचारी या निवेशकों को जारी करती हैं। अनलिस्टेड शेयर को इंटरमीडियरीज के माध्यम से खरीदा बेचा जा सकता है। इंटरमीडियरी यानी ऐसी कंपनी जो अनिलिस्टेड शेयर को कंपनी के कर्मचारी या निवेशकों से जुटाकर अन्य निवेशकों को बेचती है। अनलिस्टेड कंपनी खरीद और ब्रिक्री का अंतर काफी ज्यादा हो सकता है।